3 मई । पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की मतगणना से ठीक पहले सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता और भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव नतीजों को लेकर पूरी तरह तैयार है।
सुवेंदु अधिकारी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, “भाजपा की तरफ से सभी इंतजाम कर लिए गए हैं। हमारे दो राष्ट्रीय नेता सुनील बंसल और भूपेंद्र जाधव पूरे पश्चिम बंगाल का दौरा करके उम्मीदवारों और एजेंटों से मिले। मैं भी सभी के संपर्क में था।”
उन्होंने कहा कि मतगणना लंबी चलेगी। नंदीग्राम में 321 बूथ हैं। शुरुआती एक-दो राउंड के नतीजों को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। 9वें या 10वें राउंड तक स्थिति साफ हो जाएगी।
सुवेंदु अधिकारी ने 2021 की हिंसा का हवाला देते हुए कहा, “इस बार भाजपा पूरी तरह तैयार है। 2021 में हमारी तैयारी नहीं थी। 4 मई के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं। भाजपा की सरकार आ रही है और हम कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। अगले 60 दिनों तक 2500 पैरामिलिट्री कंपनियां हमारे साथ रहेंगी।”
टीएमसी नेता कुणाल घोष ने मतगणना केंद्रों पर पोलिंग एजेंट्स के लिए पानी और खाने के इंतजाम को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “यह जानबूझकर भाजपा द्वारा टीएमसी के काउंटिंग एजेंट्स का ध्यान भटकाने के लिए किया जा रहा है। यह कन्फ्यूजन जान-बूझकर हमारे काउंटिंग एजेंट्स का ध्यान भटकाने के लिए पैदा किया गया है, लेकिन हमारे एजेंट ममता बनर्जी के सिपाही हैं। पानी और खाना उनका अधिकार है। या तो आप हमें दें या हमें सप्लाई करने दें।”
फलटा में दोबारा मतदान को लेकर टीएमसी ने चुनाव आयोग और प्रशासन पर सवाल उठाए। कुणाल घोष ने कहा, “अगर फलटा में बड़े पैमाने पर धांधली हुई थी तो चुनाव के दिन वे क्या कर रहे थे? अगर ‘सिंघम’ के इलाके में धांधली होती है तो वह सिंघम नहीं, चूहा है। उसे निलंबित किया जाना चाहिए।”


Leave feedback about this