May 7, 2026
National

पानीहाटी में बाइक सवार बदमाशों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर फेंके बम, पांच घायल

Bike-borne miscreants hurled bombs at BJP workers in Panihati, injuring five.

7 मई । पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं पर देसी बम फेंके जाने की घटना में कम से कम पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

यह हमला सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के कुछ घंटों बाद हुआ।

पुलिस के अनुसार, घटना आधी रात के बाद पानीहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर-2 स्थित दत्ता रोड पर हुई।

बताया जा रहा है कि कुछ भाजपा कार्यकर्ता आम लोगों से बातचीत कर रहे थे, तभी बाइक पर सवार कुछ बदमाश वहां पहुंचे। चश्मदीदों के मुताबिक, बाइक पर आए चार लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर बम फेंके।

तीन बम फेंके गए, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। इस हमले में पांच भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। घायलों को गंभीर हालत में आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

सूचना मिलने के बाद खड़दहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। केंद्रीय बलों को भी तैनात किया गया। पुलिस ने हालात को नियंत्रण में लेकर इलाके में गश्त शुरू कर दी। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

मध्यग्राम घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सुवेंदु अधिकारी ने बमबारी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ”राज्य में पिछले 15 साल से बदले की राजनीति चल रही है। यह 15 साल के महा जंगलराज का नतीजा है। बीती रात खड़दहा में बमबारी हुई और बसीरहाट में भाजपा कार्यकर्ताओं को गोली मारी गई। हिंसा के जिम्मेदार लोगों को छोड़ा नहीं जाएगा।”

भाजपा ने आरोप लगाया है कि पानीहाटी में हुई बमबारी के पीछे टीएमसी का हाथ है। पानीहाटी, मध्यग्राम से करीब 7 किलोमीटर दूर है, जहां सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक की घर लौटते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

भाजपा का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस से जुड़े बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

4 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से राज्य के अलग-अलग हिस्सों से चुनाव बाद हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं। कुछ जगहों पर तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट, पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ और पोस्टर फाड़ने की घटनाएं हुई हैं। वहीं कई जगह भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं।

पुलिस का कहना है कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave feedback about this

  • Service