May 7, 2026
National

‘पाकिस्तान के दिल में आज भी खौफ’, एकनाथ शिंदे ने सेना के शौर्य को किया सलाम

‘There is still fear in the heart of Pakistan’, Eknath Shinde salutes the bravery of the army

7 मई । ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भारतीय सशस्त्र बलों के साहस और पराक्रम को नमन किया। डिप्टी सीएम ने कहा कि यह अभियान आज भी पाकिस्तान के दिल में खौफ पैदा करता है। उन्होंने इसे आतंकवाद के खिलाफ भारत की निर्णायक कार्रवाई बताते हुए देश की सुरक्षा नीति का मजबूत उदाहरण बताया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में डिप्टी सीएम शिंदे ने कहा, “पाकिस्तान के दिल में आज भी खौफ पैदा करने वाले ऑपरेशन सिंदूर की आज वर्षगांठ है। पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले में 26 भारतीय नागरिकों की जान जाने के बाद, उस हमले का मुहतोड़ जवाब देने के लिए 7 मई 2025 को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पीओके के आतंकवादी ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर आतंकवादियों को कड़ा सबक सिखाया।”

उन्होंने आगे कहा, “इस ऐतिहासिक कार्रवाई के बाद दुनिया भर में भारत के समर्थन के लिए शिवसेना-महायुती सरकार ने शिष्टमंडल भेजे। इसमें शिवसेना के सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे और मिलिंद देवरा ने प्रत्यक्ष भागीदारी निभाते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का माहौल बनाया। आतंकवादियों को अब कहीं भी पनाह नहीं मिलेगी, यही संदेश ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पूरी दुनिया तक पहुंचाया गया। भारत माता की जय। जय हिंद।”

इससे पहले, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पोस्ट में लिखा, “ऑपरेशन सिंदूर: आतंकवाद के विरुद्ध भारत का संकल्प। एक वर्ष पूर्व जब पहलगाम के दर्द ने पूरे राष्ट्र को झकझोर दिया था, तब भारत ने साहस और अडिग संकल्प के साथ उसका जवाब दिया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से, हमारे वीर सशस्त्र बलों ने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में अद्वितीय शौर्य और सटीकता के साथ जवाबी कार्रवाई की। मात्र 22 मिनट में, आतंकवाद के 9 ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया और भारत ने विश्व को एक स्पष्ट संदेश दिया कि हमारे राष्ट्र पर होने वाले प्रत्येक हमले का जवाब पूरी शक्ति और दृढ़ संकल्प के साथ दिया जाएगा।”

उन्होंने आगे कहा, “ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य अभियान ही नहीं था, बल्कि यह भारत की एकता, साहस और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति उसके अडिग समर्पण का एक प्रतिबिंब था। हमारे सशस्त्र बलों का साहस और बलिदान, प्रत्येक भारतीय के लिए सदैव गर्व और प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। जय हिंद।”

Leave feedback about this

  • Service