May 11, 2026
Entertainment

‘द रॉयल्स’ के एक साल पूरे होने पर इमोशनल हुए ईशान खट्टर, सेट की यादों को किया साझा

Ishaan Khatter gets emotional as ‘The Royals’ completes one year, shares memories from the sets

10 मई । ओटीटी की दुनिया में पिछले कुछ सालों में कई ऐसी सीरीज आई हैं, जिन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। ऐसी ही एक सीरीज रही ‘द रॉयल्स’, जिसने रिलीज होते ही युवाओं के बीच अलग पहचान बनाई थी। अब इस सीरीज को एक साल पूरा हो चुका है। इस खास मौके पर अभिनेता ईशान खट्टर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट किया। उन्होंने सीरीज से जुड़ी कई अनदेखी तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए शूटिंग के दिनों को याद किया। साथ ही उन्होंने फैंस के प्यार और समर्थन के लिए दिल से धन्यवाद भी कहा।

ईशान खट्टर ने इंस्टाग्राम पर ‘द रॉयल्स’ के सेट से जुड़े कई खास पल साझा किए। इन तस्वीरों और वीडियो में कलाकारों की मस्ती, शूटिंग के दौरान की मेहनत और पूरी टीम के बीच की शानदार दोस्ती साफ नजर आ रही है। इसके अलावा, इनमें शूटिंग के दौरान की तैयारियां, मुश्किल सीन्स और टीम के साथ बिताए गए इमोशनल पल भी इन झलकियों में शामिल हैं।

पोस्ट के साथ ईशान ने कैप्शन में लिखा, ”’द रॉयल्स’ को आज एक साल पूरा हो गया है और अब भी मुझे दर्शकों के ढेर सारे मैसेज और प्यार भरे नोट मिल रहे हैं। फैंस का यह प्यार मेरे लिए बहुत खास है और यही मुझे आगे और बेहतर काम करने की प्रेरणा देता है। आने वाले समय में दर्शकों को और भी रोमांचक चीजें देखने को मिल सकती हैं।”

‘द रॉयल्स’ साल 2025 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। इस सीरीज में ईशान खट्टर के साथ भूमि पेडनेकर, जीनत अमान, साक्षी तंवर, नोरा फतेही, विहान समत, डिनो मोरिया और मिलिंद सोमन जैसे कलाकार नजर आए थे।

सीरीज की कहानी एक ऐसे शाही परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पैसों की तंगी से जूझ रहा है। परिवार की किस्मत तब बदलती है, जब राजघराने का वारिस एक होटल कारोबारी के साथ मिलकर अपने पुराने महल को आलीशान रिसॉर्ट में बदलने की प्लानिंग करता है। दर्शकों को इस कहानी में शाही ठाठ-बाट, पारिवारिक रिश्ते और आधुनिक सोच का अनोखा मेल देखने को मिला था।

Leave feedback about this

  • Service