May 13, 2026
National

चार दिन से लापता 18 महीने की बच्ची की बरामदगी के लिए रांची में सड़क पर उतरे लोग, एनएच किया जाम

People took to the streets in Ranchi to demand the recovery of an 18-month-old girl who has been missing for four days, blocking the National Highway.

13 मई । झारखंड की राजधानी रांची से लापता 18 महीने की बच्ची अदिति पांडेय की बरामदगी की मांग को लेकर बुधवार को लोग सड़क पर उतर आए। आक्रोशित स्थानीय लोगों और परिजनों ने कोकर चौक पर करीब एक घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई।

कोकर चौक पर जाम की सूचना मिलते ही सदर थाना और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को निकालने की कोशिश शुरू की।

बता दें कि अदिति पांडेय 9 मई की शाम करीब साढ़े चार बजे अपने घर के पास से अचानक लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने कई टीमों का गठन किया और बच्ची का सुराग देने वाले के लिए 50 हजार रुपए के इनाम की घोषणा भी की।

शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका थी कि बच्ची पास के बड़े नाले में गिर गई होगी। इसी आधार पर एनडीआरएफ, नगर निगम और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने कोकर खोरहाटोली से लेकर नामकुम स्थित स्वर्णरेखा नदी तक सघन तलाशी अभियान चलाया। कीचड़, गंदगी और तेज बहाव के बीच घंटों सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

मंगलवार को गाड़ीगांव इलाके के नाले के पास मांस का एक टुकड़ा और हड्डी मिलने के बाद आशंका जताई गई थी कि यह अदिति का हो सकता है। हालांकि, परिजनों ने इस दावे पर सवाल उठाया। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सकों ने हड्डी को किसी जानवर की बताया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस मामले को नाले में बहने की थ्योरी की तरफ मोड़ रही है, जबकि अब तक ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।

फिलहाल, पुलिस की कई टीमें बच्ची की तलाश में जुटी हुई हैं।

Leave feedback about this

  • Service