May 14, 2026
National

अदम्य साहस, पराक्रम एवं विद्वत्ता के प्रतीक छत्रपति संभाजी महाराज: नितिन नवीन

Chhatrapati Sambhaji Maharaj, a symbol of indomitable courage, valor and scholarship: Nitin Naveen

14 मई । छत्रपति संभाजी महाराज की जयंती पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नमन करते हुए उन्हें अदम्य साहस, पराक्रम एवं विद्वत्ता का प्रतीक बताया।

नितिन नवीन ने एक्स पोस्ट में लिखा कि छत्रपति संभाजी महाराज एक महान योद्धा और विद्वान के रूप में उनका जीवन राष्ट्र, धर्म और संस्कृति के प्रति अटूट निष्ठा का प्रेरक उदाहरण है। उनका त्याग और बलिदान हमें अपने मूल्यों पर अडिग रहते हुए समाज एवं राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उनके महान आदर्श हमें नारी शक्ति के सम्मान, सामाजिक समरसता एवं जनकल्याण के मार्ग पर सतत आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर देने वाले शौर्य, साहस और वीरता की साक्षात प्रतिमूर्ति, मां भारती के अमर सपूत, महापराक्रमी योद्धा ‘धर्मवीर’ छत्रपति संभाजी महाराज के जयंती पर उन्हें नमन। धर्म, संस्कृति व राष्ट्र की रक्षार्थ आपका संघर्ष और बलिदान अविस्मरणीय है। आपके शौर्य व पराक्रम की गौरव गाथा सदैव भारतवासियों को गौरवान्वित करती रहेगी।

हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि धर्म, राष्ट्र और संस्कृति की रक्षा के लिए अद्वितीय साहस का परिचय देने वाले महापराक्रमी छत्रपति संभाजी महाराज की जयंती पर मैं उन्हें शत-शत नमन करता हूं। उनका जीवन त्याग और अटूट राष्ट्रनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। अत्याचारों के सामने न झुकने का उनका अद्वितीय साहस आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने एक्स पर लिखा कि स्वराज्य के रक्षक, छत्रपति संभाजी महाराज की जयंती के पावन अवसर पर उन्हें त्रिवार नमन। छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों और हिंदवी स्वराज्य की गौरवशाली विरासत को पूरी शक्ति के साथ आगे बढ़ाते हुए, संभाजी महाराज ने अपने शौर्य के बल पर इतिहास में एक अमिट स्थान बनाया। अत्यंत विपरीत परिस्थितियों में भी, उन्होंने शत्रु के समक्ष कभी अपना शीश नहीं झुकाया। छत्रपति संभाजी महाराज राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा, साहस, विद्वत्ता और बलिदान के एक अद्वितीय प्रतीक हैं।

स्वराज्य के रक्षक छत्रपति संभाजी महाराज जिनमें असीम स्वाभिमान और अदम्य शौर्य कूट-कूटकर भरा था और जिन्होंने स्वराज्य की रक्षा के लिए अपने प्राणों का भी बलिदान दे दिया, उनका जीवन हम सभी के लिए एक प्रेरणास्रोत है। उनके शौर्य, बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनकी निष्ठा को कोटि-कोटि नमन।

Leave feedback about this

  • Service