May 18, 2026
National

चारधाम यात्रा में बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु, पर्यटन मंत्री बोले- सरल और सुगम यात्रा की कोशिश जारी

A large number of devotees are arriving for the Char Dham Yatra, the Tourism Minister said – efforts are on to make the journey simple and easy.

चारधाम यात्रा को लेकर उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि चारधाम की यात्रा चालू है। उन्होंने बताया कि चारों धामों के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 15,63,672 पहुंच गई है।

सतपाल महाराज ने बताया कि इस यात्रा के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से कुल 36,58,631 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही कोई समस्या सामने आती है, व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है। बद्रीनाथ, केदारनाथ मंदिर समिति पूरी तरह से इसके लिए जिम्मेदार है। हमारी कोशिश है कि यात्रा सरल और सुगम हो।

सतपाल महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से 10 करोड़ की राशि का बीमा करवाया गया है। बीमा प्रीमियम की धनराशि 3 लाख 67 हजार 995 है।

उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने चारधाम यात्रा को लेकर कहा कि चारधाम यात्रा काफी बेहतरीन तरीके से चल रही है। देश और विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर आ रहे हैं। भरत चौधरी ने कहा कि श्रद्धालुओं की संख्या के हिसाब से देखा जाए, तो एक नया रिकॉर्ड बनने जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं की गई हैं। यात्रा मार्ग पर किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा गया है।

बता दें कि चार धाम यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस साल ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही है। 19 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा के केवल 25 दिनों में ही 15.63 लाख से अधिक श्रद्धालु हिमालय स्थित पवित्र धामों के दर्शन कर चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह श्रद्धा और आस्था की अभूतपूर्व लहर को दर्शाता है।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का कारण बेहतर बुनियादी ढांचा, भीड़ प्रबंधन और प्रधानमंत्री मोदी की ड्रीम परियोजना के तहत केदारनाथ में किए गए बड़े विकास कार्यों को माना जा रहा है। आपदा के बाद तबाह हुआ केदारनाथ अब भव्य और आध्यात्मिक स्वरूप में नजर आ रहा है, जो रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।

Leave feedback about this

  • Service