दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और लू की स्थिति से दिल्लीवासी लगातार प्रभावित हो रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राष्ट्रीय राजधानी के लिए लू की चेतावनी जारी की है। दिल्ली का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर पहुंच गया है। अगले सप्ताह के लिए कई राज्यों में ऑरेंज से रेड अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में भीष्ण गर्मी की स्थिति पर एक शख्स ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। पहले हम सुबह 6 बजे दौड़ने जाते थे, लेकिन अब हमें सुबह 5 बजे ही निकलना पड़ता है, क्योंकि सुबह 6 बजे तक गर्मी के कारण हालात बहुत मुश्किल हो जाते हैं। आज लू की चेतावनी जारी की गई है। जिसकी वजह से घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
एक और शख्स ने कहा कि गर्मी काफी ज्यादा हो गई है। इस वजह से मैं केवल शाम को ही दौड़ लगाता हूं। लू की चेतावनी जारी कर दी गई है। इतनी गर्मी हो गई है कि शायद बाहर भी न निकलें। लू की चेतावनी की वजह से एक घंटे पहले ही हम दौड़ने आ गए हैं।
आईएएनएस से बात करते हुए एक और व्यक्ति ने कहा कि पहले के मुकाबले गर्मी बढ़ गई है। पहले मौसम ठीक था, लेकिन पिछले 4-5 दिनों में तापमान में तेजी से वृद्धि हुई है। सुबह के समय मौसम सुहावना रहता है, लेकिन सुबह 8-9 बजे के बाद गर्मी बढ़ने लगती है और शाम 4 बजे तक जारी रहती है, तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है।
बता दें कि लू की चेतावनी जारी करते हुए आईएमडी वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने आईएएनएस से बताया कि आने वाले 6-7 दिनों में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के लिए हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। दिल्ली-एनसीआर में भी आने वाले 6-7 दिनों के लिए हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट है।


Leave feedback about this