June 4, 2026
National

‘स्वास्थ्य का ख्याल रखें’ भीषण गर्मी के बीच राजस्थान सीएम भजनलाल की प्रदेशवासियों से अपील

Rajasthan CM Bhajan Lal appeals to people to ‘take care of your health’ amid scorching heat

देशभर में भीषण गर्मी पड़ रही है, जो आम जनजीवन को प्रभावित कर रही है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि इस चिलचिलाती गर्मी में अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने एक वीडियो पोस्ट करके जनता को कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए हैं।

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में नौतपा के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है और भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे समय में आप सभी से सावधानी बरतने, खूब पानी व तरल पदार्थों का सेवन करने और तेज धूप में बाहर जाने से बचने की अपील करता हूं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें।

चक्कर, कमजोरी होने पर तुरंत डॉक्टर की सलाह लीजिए। हम सभी को कठिन समय में जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। हमारी सेवा और संवेदनशीलता की संस्कृति को निभाते हुए राहगीरों के लिए ठंडे पानी की प्याऊ लगाएं और बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए भी छत या आंगन में दाने-पानी की व्यवस्था जरूर करें। आपकी सजगता ही इस गर्मी में आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।

मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में अभी आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। बुधवार को श्री गंगानगर में सबसे अधिक 48.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इस तरह से बुधवार इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। हालांकि, शुक्रवार को भी कई जिलों में 44 डिग्री से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया।

भीषण गर्मी को लेकर अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी जनता से अपील की है कि अगर ज्यादा जरूरत न हो तो वे घर से बाहर न निकले।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच सभी से मेरी अपील है कि अपना और अपने परिवार का विशेष ध्यान रखें, भरपूर पानी पिएं, शरीर को हाइड्रेटेड रखें और तेज धूप से बचें। साथ ही, इस कठिन मौसम में पशु-पक्षियों का भी ख्याल रखें। अपने घर, छत, बालकनी, दुकान या आसपास उनके लिए पानी और छांव की व्यवस्था जरूर करें।

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने प्रदेश की जनता से अपील की है कि वे स्वास्थ्य के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों का भी विशेष ध्यान रखें। पर्याप्त पानी पीते रहें, बाहर निकलते समय पानी साथ रखें और अनावश्यक रूप से तेज धूप में जाने से बचें। यदि संभव हो तो अपने घर, दुकान, कार्यालय या आसपास राहगीरों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था अवश्य करें। आपकी यह छोटी-सी संवेदना किसी प्यासे व्यक्ति के लिए राहत का कारण बन सकती है। मैं विशेष रूप से आग्रह करता हूं कि बच्चों, बुजुर्गों, श्रमिक साथियों और खुले में काम करने वाले लोगों का ध्यान रखें। यदि किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ती दिखाई दे तो उसे तुरंत छायादार या ठंडी जगह पर ले जाएं और पानी, ओआरएस अथवा अन्य तरल पदार्थ उपलब्ध कराएं।

Leave feedback about this

  • Service