June 4, 2026
Entertainment

जैकी श्रॉफ ने खास अंदाज में ‘भाई’ परेश रावल को दी जन्मदिन की बधाई, तस्वीर शेयर कर लिखा- हार्दिक शुभकामनाएं

Jackie Shroff wished ‘brother’ Paresh Rawal on his birthday in a special way, shared a picture and wrote – Heartiest wishes

खलनायकी से लेकर कॉमेडी तक हर तरह के किरदार में अपनी शानदार अभिनय क्षमता साबित कर चुके अभिनेता परेश रावल शनिवार को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर उनके प्रिय मित्र और सह-कलाकार अभिनेता जैकी श्रॉफ ने खास अंदाज में उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।

अभिनेता जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर परेश रावल की तस्वीर पोस्ट की, जिसके साथ उन्होंने लिखा, “जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं परेश रावल।”

परेश रावल उन्हीं अभिनेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने कॉमेडी, विलेन, गंभीर किरदार, सामाजिक फिल्में और ऐतिहासिक भूमिकाएं अदा कर खुद को साबित किया। वहीं, अभिनेता ने अपने मित्र और साथी कलाकार जैकी श्रॉफ के साथ कई हिंदी फिल्मों में एक साथ काम किया है, जिनमें ‘परिंदा’, ‘पुलिस ऑफिसर’, ‘बंदिश’ और ‘मिलन’ जैसी लोकप्रिय और प्रसिद्ध फिल्में शामिल हैं।

इस बात से कम लोग ही वाकिफ हैं कि अभिनेता परेश रावल फिल्मों में आने से पहले ‘बैंक ऑफ बड़ौदा’ में काम किया करते थे लेकिन एक्टिंग के जुनून के कारण उन्होंने यह नौकरी छोड़ दी थी।

उन्होंने अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत 1984 में फिल्म ‘होली’ से की थी। 1986 में आई फिल्म ‘नाम’ ने उन्हें एक बेहतरीन अभिनेता के रूप में स्थापित किया। 90 के दशक में उन्होंने रामलखन, कब्जा, सर और अंदाज अपना अपना जैसी फिल्मों में दमदार नकारात्मक (खलनायक) और चरित्र भूमिकाएं निभाईं।

उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट वर्ष 2000 में आई फिल्म ‘हेरा फेरी’ रही। इसमें उनका ‘बाबूराव गणपतराव आपटे (बाबू भैया)’ का किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि वह आज भी भारतीय पॉप कल्चर और इंटरनेट मीम्स का हिस्सा है।

इसके बाद उन्होंने फिर हेरा फेरी, हंगामा, गरम मसाला, वेलकम, और भूलभुलैया जैसी सफल कॉमेडी फिल्मों से दर्शकों को खूब हंसाया। विलेन और कॉमेडी के अलावा उन्होंने ‘ओह माय गॉड’ और बायोपिक ‘संजू’ जैसी फिल्मों में गंभीर और भावनात्मक किरदार निभाकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

अभिनेता जल्द ही कॉमेडी ड्रामा फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आएंगे। फिल्म में परेश रावल एक फिल्म डायरेक्टर (निर्देशक) की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म के टीजर में दिखाया गया है कि जंगल के बीच एक फिल्म की शूटिंग चल रही है और परेश रावल उसी फिल्म के डायरेक्टर के रूप में नजर आते हैं।

Leave feedback about this

  • Service