June 4, 2026
National

भाजपा सत्ता के नशे में कर रही है काम: एआईएमआईएम नेता अख्तरुल ईमान

BJP is acting under the influence of power: AIMIM leader Akhtarul Iman

बिहार एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अख्तरुल ईमान ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उनका कहना है कि भाजपा सत्ता के नशे में काम कर रही है।

सीमांचल क्षेत्र की स्थिति पर बोलते हुए अख्तरुल इमान ने कहा कि आज भी वहां बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में अब भी 100 प्रतिशत लोगों के पास मोबाइल सुविधा नहीं है, हर घर तक बिजली नहीं पहुंची है, कई गांवों में बिजली की व्यवस्था नहीं है और रसोई गैस कनेक्शन भी सभी परिवारों को नहीं मिले हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बुनियादी सुविधाएं ही पूरी नहीं हैं तो विकास के बड़े-बड़े दावे कैसे किए जा रहे हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सीमांचल के विकास को लेकर किए गए सर्वेक्षणों में गड़बड़ी हुई है। उनके अनुसार, कुछ अधिकारियों और पर्यवेक्षकों ने दबाव में आकर गलत आंकड़े तैयार किए हैं। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने यह भी स्वीकार किया है कि ऊपर से आदेश आने के कारण गलत रिपोर्ट तैयार कराई गई, जिससे पूरे क्षेत्र के विकास और भविष्य को नुकसान पहुंच सकता है।

अख्तरुल इमान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता के नशे में काम कर रही है और वह ‘सबका साथ, सबका विकास’ जैसे नारों के विपरीत व्यवहार कर रही है। उनका कहना है कि पश्चिम बंगाल में विपक्षी दलों के नेताओं और पूर्व मुख्यमंत्रियों के साथ जो व्यवहार हो रहा है, वह राजनीतिक प्रतिशोध जैसा है।

अख्तरुल इमान ने शेरशाहबादी समुदाय को बाहरी बताए जाने पर भी कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि यह समुदाय सीमांचल की सामाजिक और आर्थिक संरचना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उनके अनुसार, शेरशाहबादी समाज ने कृषि और व्यापार के क्षेत्र में अहम योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि सीमांचल में खेती और व्यापार को आगे बढ़ाने में विभिन्न समुदायों का योगदान रहा है और किसी को भी बाहरी बताना गलत है।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी समुदाय को निशाना बनाया गया तो इसका असर अन्य समुदायों पर भी पड़ेगा और सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे एक साथ मिलकर रहें और आपसी भाईचारे को मजबूत करें।

Leave feedback about this

  • Service