June 4, 2026
National

सोपोर पुलिस नशा तस्करी में चार लोगों को किया गिरफ्तार, कोडीन की बोतलें और प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद

Sopore police arrested four people for drug trafficking, recovered bottles of codeine and banned capsules.

जम्मू-कश्मीर में 100 दिवसीय नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत सोपोर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए हैं।

पहली कार्रवाई में थाना सोपोर की पुलिस टीम ने बदामबाग क्षेत्र में गश्त के दौरान तीन संदिग्ध व्यक्तियों को देखा। पुलिस को देखकर तीनों ने पास के बागानों की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सूझबूझ से उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 150 बोतल कोडीन युक्त सिरप बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बदामबाग निवासी इरफान अहमद पीर, एजाज अहमद मट्टू और उमर जाहूर नजर के रूप में हुई है। थाना सोपोर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किस नेटवर्क के जरिए की जानी थी।

एक अन्य कार्रवाई में पुलिस पोस्ट पुटखा की टीम ने संगरामा-सीर क्रॉसिंग पर रात्रि जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। उसकी पहचान माजिद अशरफ खान निवासी पेठ सीर के रूप में हुई। व्यक्तिगत तलाशी के दौरान उसके कब्जे से स्पास्मो-प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल बरामद किए गए।

इस मामले में थाना तारजू में एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया और आगे की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ये लगातार दो सफल अभियान सोपोर पुलिस की नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

सोपोर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति दोहराते हुए कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, ताकि समाज को सुरक्षित, स्वस्थ और नशामुक्त बनाया जा सके।

Leave feedback about this

  • Service