June 4, 2026
National

सिंधिया के संसदीय क्षेत्र गुना के राम जानकी मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 20 लाख मंजूर

20 lakh approved for the renovation of Ram Janaki temple in Guna, Scindia’s parliamentary constituency.

4 जून । केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के संसदीय क्षेत्र गुना के ग्राम पाटई स्थित ऐतिहासिक राम जानकी मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 20 लाख रुपए की राशि मंजूर की गई है। दरअसल, राम जानकी मंदिर की स्थिति अच्छी नहीं है और यहां के लोग जीर्णोद्धार की मांग लंबे समय से कर रहे थे।

लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की धर्मपत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया ने 25 अप्रैल 2024 को ग्राम पाटई के प्रवास के दौरान मंदिर के जीर्णोद्धार का आश्वासन दिया था। अब इस कार्य के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया गुना संसदीय क्षेत्र से सांसद हैं और वे लगातार क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण को भी प्राथमिकता देते रहे हैं।

राम जानकी मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य क्षेत्र की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। मंदिर के जीर्णोद्धार की स्वीकृति मिलने पर ग्राम पाटई एवं आसपास के क्षेत्र के ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त किया है।

ग्रामीणों ने कहा कि मंदिर के विकास से धार्मिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। ग्रामीणों ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्रीय मंत्री सिंधिया के मार्गदर्शन में क्षेत्र में विकास और जनआस्था से जुड़े कार्य आगे भी इसी प्रकार निरंतर जारी रहेंगे।

गुना संसदीय क्षेत्र की हम बात करें तो इस इलाके में लगातार विकास परियोजनाएं आकर ले रही हैं, वहीं शिक्षा और रोजगार की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं केंद्रीय मंत्री सिंधिया लगातार यहां प्रवास कर विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए आमजन से सीधे संवाद करते हैं और समस्याओं के निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को भी देते हैं।

Leave feedback about this

  • Service