June 5, 2026
National

लखनऊ और हरदोई में बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

Police encounter with criminals in Lucknow and Hardoi, three accused arrested

5 जून । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और हरदोई में बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ की खबर सामने आई है।

लखनऊ के निगोहां पुलिस स्टेशन इलाके में 31 मई को दुष्कर्म के आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गौतमखेड़ा जंगल से आरोपी ऑटो ड्राइवर को गिरफ्तार किया।

लखनऊ के पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने बताया कि एक जून को 19 वर्षीय युवती की ओर से थाना निगोहां में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक ऑटो ड्राइवर से उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की जानकारी होते ही निगोहां थाने में केस दर्ज किया गया। इसके बाद से थाना निगोहां, एसओजी और सर्विलांस की टीम लगी हुई थी।

पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने आगे बताया कि 450 सीसीटीवी फुटेज के खंगाला गया और जिस ऑटो में युवती बैठी थी, उसको चिह्नित किया गया। घटना में शामिल आरोपी की पहचान की गई। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी देखा गया है। जानकारी मिलते ही इलाके में चेकिंग लगाई गई।

पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने बताया कि चेकिंग के दौरान पुलिस को ऑटो आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस से खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम की ओर से भी जवाबी फायर किया गया, जिसके बाद पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। इलाज के लिए आरोपी को अस्पताल भेजा गया है। आरोपी के पास से एक तमंचा, एक कारतूस और दो खोखा बरामद किया गया है। इस एक साथ फरार है, उसको भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वहीं, हरदोई के थाना कोतवाली शहर पुलिस और सर्विलांस/एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, स्कूटी, दो सोने की चेन, एक अवैध तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार और अंकित वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की, जिसके दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए और उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। बरामदगी में बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल, चोरी की स्कूटी, दो सोने की चेन, एक 315 बोर का तमंचा, कारतूस और खोखा शामिल हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि 4 जून की रात मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के पास कुछ बदमाश इकठ्ठा हुए हैं। उनके पास असलहे हैं और ये किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए इकठ्ठा हुए हैं। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरा पाकर पुलिस ने जान से मारने की नीयत से फायर किया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। घायल बदमाशों को इलाज के लिए जिला अस्पताल हरदोई पहुंचाया गया है।

Leave feedback about this

  • Service