June 5, 2026
National

खरगोन जिला सहकारी बैंक में 41.58 लाख रुपए का गबन, तीन कर्मचारियों पर एफआईआर

Khargone District Cooperative Bank embezzled Rs 41.58 lakh, FIR lodged against three employees

5 जून । मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में जिला सहकारी बैंक में 41.58 लाख रुपए के कथित गबन का मामला सामने आया है। इस मामले में बैंक प्रबंधन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल तीनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश जारी है।

खरगोन के थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया ने बताया कि जिला सहकारी बैंक की ओर से 41 लाख 58 हजार रुपए के गबन की रिपोर्ट दी गई थी। शिकायत मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में जिन तीन कर्मचारियों के नाम सामने आए हैं, उनमें शाखा प्रबंधक राजेश राठौर, कैशियर रितु गोयल और त्र्यंबक मणि शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। जांच के दौरान जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा।

वहीं, जिला सहकारी बैंक की प्रबंध संचालक (एमडी) संध्या रोकड़े ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। संध्या रोकड़े ने बताया कि जिला कलेक्टर को भी पत्र भेजा गया है, जिसमें आरोपियों की चल और अचल संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया गया है। बैंक का प्रयास है कि गबन की गई राशि की वसूली जल्द से जल्द की जा सके।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) और लॉकरों को भी चिन्हित किया गया है। इसके अलावा उनकी अन्य संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है ताकि कानूनी प्रक्रिया के तहत राशि की वसूली की जा सके।

एमडी के अनुसार, कैशियर रितु गोयल सहित तीनों आरोपी अभी तक फरार हैं और उनके बारे में कोई नई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है।

फिलहाल पुलिस और बैंक प्रशासन दोनों स्तर पर जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और गबन की पूरी राशि की वसूली के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

Leave feedback about this

  • Service