June 24, 2026
Punjab

अमन अरोड़ा द्वारा एयर फोर्स अकादमी और एनडीए मेरिट सूची में शानदार उपलब्धियां हासिल करने वाली माई भागो प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट की महिला कैडेटों का सम्मान

Aman Arora felicitates Mai Bhago Preparatory Institute’s female cadets for their outstanding achievements in the Air Force Academy and NDA merit lists

अनिल भारद्वाज

चंडीगढ़ 5 जून | पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास और प्रशिक्षण मंत्री श्री अमन अरोड़ा, जिनके साथ अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विकास प्रताप भी उपस्थित थे, ने एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (ए.एफ.सी.ए.टी.) और नेशनल डिफेंस अकादमी (एन.डी.ए.) की मेरिट सूची में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट की दो महिला कैडेटों को सम्मानित किया।

एक किसान की बेटी महकप्रीत कौर ने एयर फोर्स अकादमी की मेरिट सूची में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जबकि कोमलप्रीत कौर ने अखिल भारतीय स्तर पर 18वां स्थान हासिल कर एनडीए, खड़कवासला में अपनी जगह सुनिश्चित की है। यह उपलब्धि रक्षा सेवाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सफलता का एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

पंजाब भवन में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए श्री अमन अरोड़ा ने पंजाब की बेटियों के अदम्य साहस और संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि लाखों उम्मीदवारों में से ए.एफ.सी.ए. टी. में पहला और एन.डी.ए. परीक्षा में 18वां स्थान प्राप्त करना इन बेटियों की सफलता के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि सफलता की यह कहानी यहीं समाप्त नहीं होती। वर्ष 2022 से महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट और माई भागो प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट के 377 कैडेट भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त कर चुके हैं। मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने वर्ष 2023 में माई भागो एएफपीआई में लड़कियों के लिए एनडीए प्रिपरेटरी विंग शुरू करके एक ऐतिहासिक पहल की है। उन्होंने कहा कि पंजाब देश का एकमात्र राज्य है जहां सरकार लड़कियों के लिए समर्पित डिफेंस प्रैपरेटरी इंस्टीट्यूट चला रही है।

दोनों महिला कैडेटों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए श्री अमन अरोड़ा ने कहा, “यह पूरे पंजाब के लिए गर्व और खुशी का अवसर है। हमारी बेटियाँ महकप्रीत और कोमलप्रीत ने अपनी अथक मेहनत से राज्य का नाम रोशन किया है।”

श्री अमन अरोड़ा ने कहा, “पंजाबियों ने हमेशा देश का नेतृत्व किया है—चाहे स्वतंत्रता संग्राम हो या देश की संप्रभुता की रक्षा। पंजाब सरकार द्वारा संचालित माई भागो एएफपीआई इसी भावना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है। हमारी बेटियों ने एक बार फिर पंजाब का गौरव बढ़ाया है। मैं दोनों कैडेटों, उनके परिवारों और पंजाब की प्रत्येक बेटी को बधाई देता हूं।”

कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा कि जल्द ही होशियारपुर के बजवाड़ा में सरदार बहादुर अमीन चंद सोनी आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट का उद्घाटन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने का अवसर प्राप्त कर सकें।

इस दौरान श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि संगरूर के चीमा मंडी में संत बाबा अतर सिंह जी आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट की आधारशिला भी शीघ्र रखी जाएगी। इस संस्थान के 18 महीनों में पूर्ण होने की उम्मीद है। इसके अलावा, 14 सी-पाइट केंद्रों के नवीनीकरण और आधुनिकीकरण का कार्य जारी है तथा आने वाले महीनों में दो नए सी-पाइट केंद्र भी खोले जाएंगे।

रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विकास प्रताप ने कहा कि ये परिणाम राज्य में लड़कों और लड़कियों के लिए रक्षा प्रशिक्षण के क्षेत्र में अपनाई गई केंद्रित रणनीति की सफलता को दर्शाते हैं। महकप्रीत और कोमलप्रीत ने सभी सीमाओं को पार करते हुए एक नई मिसाल कायम की है, जो छोटे कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रत्येक बेटी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने कहा कि एएफपीआई और सी-पाइट केंद्रों के विस्तार से पंजाब के और अधिक युवाओं को संरचित कोचिंग, शारीरिक प्रशिक्षण और व्यक्तित्व विकास के अवसर मिलेंगे, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे।

इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए माई भागो एएफपीआई के निदेशक मेजर जनरल जसबीर सिंह संधू, एवीएसएम (सेवानिवृत्त) ने कहा कि रक्षा सेवाओं में महिलाओं के लिए सीमित पदों के बावजूद देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त करना अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि है। महकप्रीत और कोमलप्रीत ने राज्य सरकार के पंजाब की बेटियों को सशस्त्र बलों में अधिकारी बनाने के मिशन को नई ऊर्जा और गति प्रदान की है।

Leave feedback about this

  • Service