6 जून । उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने शनिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के बयानों को देश का कोई भी नागरिक गंभीरता से नहीं लेता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि केवल आम जनता ही नहीं बल्कि उनसे सवाल पूछने वाले पत्रकार भी उनके वक्तव्यों को गंभीरता से नहीं लेते हैं। केवल गांधी परिवार में जन्म लेने के कारण एक्सीडेंटल सांसद के रूप में उनकी पहचान है।
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि जिस व्यक्ति को देश की जनता लंबे समय से ‘पप्पू’ के नाम से संबोधित करती रही हो, उसके बयानों को लेकर किसी प्रकार की गंभीरता नहीं दिखाई देती। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ऐसे नेता पर टिप्पणी कर रहे हैं, जो दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक परिवार का नेतृत्व कर रहे हैं और जिनके नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत भारतीय संस्कृति, संस्कार और विकास की सोच के साथ आगे बढ़ रहा है तथा विश्व पटल पर एक विकसित राष्ट्र के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और अब तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारतीय संस्कृति, भारतीय परंपराओं और देश की मूल भावनाओं को समझने में असफल रहे हैं। मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी की राजनीतिक पहचान केवल गांधी परिवार में जन्म लेने के कारण बनी है और वह एक ‘एक्सीडेंटल सांसद’ के रूप में जाने जाते हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को भारत, भारतीय संस्कारों और भारतीय संस्कृति की पर्याप्त समझ नहीं है, इसलिए उनके बयानों को सरकार और जनता दोनों ही गंभीरता से नहीं लेते हैं। मंत्री ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व के साथ खड़ी है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।


Leave feedback about this