June 8, 2026
National

कांग्रेस नेता सूरज हेगड़े के निधन पर मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने जताया शोक

Mallikarjun Kharge and Rahul Gandhi condole the death of Congress leader Suraj Hegde.

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद राहुल गांधी पार्टी सचिव व भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व प्रभारी सूरज हेगड़े के निधन पर शोक जताया है। खड़गे ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में उनके परिवार, दोस्तों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति और साहस दे।

कांग्रेस नेता सूरज हेगड़े के निधन पर मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने जताया शोक मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “सूरज हेगड़े के असामयिक निधन से मुझे गहरा सदमा और दुख पहुंचा है। वे एक युवा और होनहार नेता थे, जिन्होंने कांग्रेस सचिव के तौर पर पूरी निष्ठा से पार्टी की सेवा की।”

खड़गे ने कहा, “सूरज मेरे परिवार के बहुत करीबी थे और मैं उन्हें उनके किशोरावस्था के दिनों से जानता था। उन्हें संगठन के प्रति पूरी तरह समर्पित और एक प्रतिबद्ध नेता के रूप में आगे बढ़ते देखना वाकई सुखद था। उन्होंने देवराज उर्स की समृद्ध विरासत और मूल्यों को ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाते हुए यूथ कांग्रेस में बहुत बड़ा योगदान दिया। इस मुश्किल समय में उनके परिवार, दोस्तों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति और साहस प्रदान करें।”

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “सूरज हेगड़े के निधन से गहरा दुख हुआ है। कांग्रेस सचिव और भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व प्रभारी के तौर पर, उन्होंने पार्टी के आदर्शों में गहरी आस्था के साथ काम किया। यूथ कांग्रेस उनके लिए सिर्फ एक जिम्मेदारी नहीं थी। उन्होंने ऐसे युवा भारतीयों का मार्गदर्शन किया जो आज न्याय और लोकतंत्र के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ा रहे हैं।”

राहुल गांधी ने लिखा, “उनका (सूरज हेगड़े) निधन कांग्रेस परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके परिवार, उनके साथियों और उन सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रति मेरी संवेदनाएं, जिनके जीवन पर उन्होंने गहरा प्रभाव डाला।”

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी सूरज हेगड़े के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मेरे सहयोगी सूरज हेगड़े के अचानक निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा सदमा लगा है। वे कांग्रेस सचिव, कर्नाटक कांग्रेस के उपाध्यक्ष और राज्य गारंटी समिति के उपाध्यक्ष थे। संगठनात्मक कौशल और जन-सरोकार के माध्यम से कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में उनका योगदान अद्वितीय है। आज हमने एक ऐसे सक्रिय नेता को खो दिया है, जिनके कार्यकर्ताओं के साथ हमेशा अच्छे संबंध रहे।”

Leave feedback about this

  • Service