June 9, 2026
Entertainment

कुछ ही दिन में नौकरी से निकाली गई थीं सोनम कपूर, आगे चलकर बनीं बॉलीवुड की फैशन क्वीन

Sonam Kapoor was fired from her job within days, but later became the fashion queen of Bollywood.

बॉलीवुड में अक्सर स्टार किड्स की जिंदगी को बेहद आसान माना जाता है, लेकिन कई बार चमक-दमक के पीछे ऐसी कहानियां छिपी होती हैं, जिनसे लोग अनजान होते हैं। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर की बेटी सोनम कपूर आज भले ही देश की सबसे चर्चित अभिनेत्रियों और फैशन आइकन में गिनी जाती हों, लेकिन उनकी जिंदगी में भी ऐसे दौर आए जब उन्हें छोटी-सी नौकरी करनी पड़ी और वह भी ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकी।

सोनम कपूर का जन्म 9 जून 1985 को मुंबई के चेंबूर में हुआ था। वह अभिनेता अनिल कपूर और पूर्व मॉडल सुनीता कपूर की बड़ी बेटी हैं। फिल्मी परिवार में जन्म लेने के बावजूद सोनम का सपना शुरू से अभिनेत्री बनने का नहीं था। उन्हें लेखन और निर्देशन में ज्यादा रुचि थी। अपनी पढ़ाई के दौरान वह सिंगापुर भी गईं। इसी दौरान उन्होंने अपने खर्चों और पॉकेट मनी के लिए एक रेस्टोरेंट में वेट्रेस की नौकरी की। हालांकि यह नौकरी ज्यादा समय तक नहीं चल सकी और कुछ ही दिनों बाद उन्हें वहां से हटा दिया गया। सोनम ने खुद कई इंटरव्यू में इस अनुभव का जिक्र किया है।

फिल्मों में आने से पहले सोनम का वजन काफी ज्यादा था। एक समय उनका वजन लगभग 90 किलो तक पहुंच गया था। उन्हें पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम और हार्मोनल समस्याओं का भी सामना करना पड़ा। लेकिन उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव तब आया, जब उन्होंने निर्देशक संजय लीला भंसाली के साथ फिल्म ‘ब्लैक’ में असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम किया। भंसाली ने ही उन्हें अभिनय में आने के लिए प्रेरित किया और वजन कम करने की सलाह दी। सोनम ने कड़ी मेहनत से लगभग 35 किलो वजन कम किया और अभिनय की तैयारी शुरू की।

साल 2007 में सोनम कपूर ने संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘सांवरिया’ से बॉलीवुड में कदम रखा। इस फिल्म से रणबीर कपूर ने भी अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही, लेकिन सोनम को नई पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने ‘दिल्ली-6’, ‘आई हेट लव स्टोरीज’, ‘आयशा’, ‘मौसम’ और ‘प्लेयर्स’ जैसी फिल्मों में काम किया। शुरुआती सालों में उन्हें कई असफलताओं का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने अपने प्रयास जारी रखे।

सोनम के करियर में साल 2013 शानदार रहा। इस साल फिल्म ‘रांझणा’ रिलीज हुई। इस फिल्म में उनके अभिनय को खूब सराहा गया। इसके बाद ‘भाग मिल्खा भाग’, ‘खूबसूरत’, ‘प्रेम रतन धन पायो’, ‘पैडमैन’, ‘वीरे दी वेडिंग’ और ‘संजू’ जैसी सफल फिल्मों ने उनके करियर को नई ऊंचाई दी। हालांकि, उनके करियर की सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में ‘नीरजा’ को प्रमुख माना जाता है। एयर होस्टेस नीरजा भनोट के जीवन पर आधारित इस फिल्म में उनके अभिनय की दर्शकों और समीक्षकों ने जमकर प्रशंसा की।

‘नीरजा’ के लिए सोनम कपूर को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में स्पेशल मेंशन सम्मान मिला। इसके अलावा, उन्हें फिल्मफेयर क्रिटिक्स बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड भी दिया गया। यह फिल्म उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिनी जाती है। अभिनय के अलावा, सोनम ने फैशन की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाई और उन्हें बॉलीवुड की ‘फैशनिस्टा’ के रूप में भी जाना जाता है।

साल 2018 में सोनम कपूर ने उद्योगपति आनंद आहूजा से शादी की। शादी के बाद उन्होंने फिल्मों से थोड़ी दूरी बनाई और परिवार को समय देना शुरू किया। साल 2022 में वह बेटे वायु की मां बनीं। वह सोशल मीडिया के माध्यम से अपने फैंस से लगातार जुड़ी रहती हैं।

Leave feedback about this

  • Service