June 26, 2026
National

भारतीय सेना प्रमुख से यूएई थलसेना के डिप्टी कमांडर की महत्वपूर्ण मुलाकात

Important meeting between the UAE Land Forces Deputy Commander and the Indian Army Chief.

26 जून । संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) थलसेना के डिप्टी कमांडर, ब्रिगेडियर जनरल स्टाफ, मोहम्मद खमीस मोहम्मद अल-हस्सानी ने भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से मुलाकात की। नई दिल्ली में हुई इस उच्चस्तरीय सैन्य वार्ता ने दोनों देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक विश्वास और रक्षा सहयोग की गहराई को एक बार फिर रेखांकित किया।

बैठक के दौरान भारत और यूएई की सेनाओं के बीच द्विपक्षीय सैन्य सहयोग को और सुदृढ़ बनाने पर विमर्श किया गया। दोनों सेनाओं के बीच पेशेवर सैन्य आदान-प्रदान का विस्तार करने पर बात हुई। इसके अलावा भारत व यूएई के सैन्य सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान करने पर भी व्यापक चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने प्रशिक्षण, सैन्य विशेषज्ञता के आदान-प्रदान, संयुक्त गतिविधियों और संस्थागत सहयोग को आगे बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।

इस मुलाकात को लेकर रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि बदलते वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा परिदृश्य के बीच भारत और यूएई के बीच मजबूत रक्षा साझेदारी दोनों देशों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। दोनों सेनाओं के बीच नियमित संपर्क और सहयोग न केवल सैन्य क्षमताओं को मजबूत करेगा, बल्कि क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता को भी बढ़ावा देगा।

मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी विश्वास, पारस्परिक सम्मान और साझा हितों पर आधारित रक्षा संबंधों को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के लिए साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने तथा दीर्घकालिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने पर सहमति व्यक्त की गई।

गौरतलब है कि भारत और यूएई के बीच रक्षा क्षेत्र में सहयोग पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ा है। दोनों देश नियमित सैन्य संवाद, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और रणनीतिक साझेदारी के माध्यम से अपने संबंधों को लगातार मजबूत कर रहे हैं। शुक्रवार को नई दिल्ली में हुई यह मुलाकात उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। सैन्य लीडर्स की यह बैठक भविष्य में दोनों देशों की सेनाओं के बीच और अधिक समन्वय तथा सहयोग का मार्ग प्रशस्त करेगी।

रक्षा विशेषज्ञ मानते हैं कि भारत-यूएई रक्षा संबंधों की यह प्रगाढ़ता न केवल द्विपक्षीय संबंधों को सशक्त बनाएगी, बल्कि व्यापक क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करने के साझा प्रयासों को भी नई मजबूती प्रदान करेगी। यह बातचीत भारत और यूएई के बीच लगातार मजबूत हो रहे रक्षा संबंधों को नई दिशा दे रही है।

Leave feedback about this

  • Service