26 जून । जम्मू-कश्मीर में श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियां आखिरी चरण में हैं। 3 जुलाई से शुरू होने वाली इस यात्रा से पहले बनिहाल में लंगर (सामुदायिक रसोई) के लिए जरूरी सामान पहुंचाया जा रहा है।
देशभर से आए श्रद्धालु और सेवा संगठन बनिहाल में यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को मुफ्त भोजन और जलपान उपलब्ध कराने के लिए सामुदायिक रसोई (लंगर) लगा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से भी एक सेवा संगठन बनिहाल पहुंचा हुआ है, जहां वह लंगर लगाएगा। सेवा संगठन के प्रतिनिधि ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “लंगर लगाने का यह हमारा 11वां साल है और हम 2026 की अमरनाथ यात्रा के लिए इसे फिर से शुरू करने को लेकर बहुत खुश हैं।”
उन्होंने कहा कि मुरादाबाद जिले के लोग लंगर के लिए दिल खोलकर योगदान देते हैं और तीर्थयात्रियों की सेवा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।
दिल्ली के उत्तम नगर निवासी एक व्यक्ति ने कहा, “हम दिल्ली से यहां अमरनाथ यात्रियों की सेवा के लिए आए हैं। हम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए दवाइयां, खान-पान और ठहरने की व्यवस्था करते हैं। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए हम बिल्कुल तत्पर रहते हैं।”
उन्होंने कहा कि जब भगवान शिव के भक्त यहां आते हैं तो हमें बहुत उत्साह रहता है। 3 जुलाई से यात्रा शुरू हो रही है। हम लंगर की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
उत्तम नगर के रहने वाले एक अन्य व्यक्ति सुरेंद्र कुमार ने कहा, “हमारे सभी सेवादार 21 जून से लंगर की तैयारियों में जुटे हुए हैं। पूरे युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं। हमने बाबा भोलेनाथ के भक्तों की सेवा के लिए व्यवस्था की है। पिछले 28 साल से हम लोग यहां भक्तों की सेवा करने आते हैं। हम भगवान शिव से यही प्रार्थना करते हैं कि वे इसी तरह हमें भक्तों की सेवा का अवसर देते रहें।”


Leave feedback about this