June 29, 2026
National

पीएम मोदी के राजस्थान दौरे से पहले सीएम भजनलाल शर्मा ने लिया तैयारियों का जायजा

CM Bhajanlal Sharma took stock of preparations ahead of PM Modi’s visit to Rajasthan.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को राजस्थान दौरे पर रहेंगे। इस दौरान पीएम मोदी जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही राज्य में कई परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। पीएम मोदी के दौरे से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जोधपुर एयरपोर्ट पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में जो काम हुआ है, वह पूरे देश में दिखाई दे रहा है। 4 जुलाई को पीएम नरेंद्र मोदी जोधपुर की बहुत पुरानी मांग को पूरा करने जा रहे हैं। जोधपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल बनकर तैयार हो गया है। यह पीएम मोदी के नेतृत्व में ही संभव हो पाया है। यह राजस्थान के लिए बड़ी सौगात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 जुलाई को पीएम मोदी जोधपुर आएंगे और उसके बाद बालोतरा जाएंगे। इस दौरान वह राजस्थान को कई बड़ी सौगातें देंगे। पीएम मोदी के नेतृत्व में राजस्थान नई ऊंचाइयों को छू रहा है। हम संकल्प पत्र के वादों को पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरा कर रहे हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घोषणा की थी कि 4 जुलाई को प्रधानमंत्री मोदी जयपुर को एक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट का तोहफा देंगे, जिससे शहर की परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी। जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना लगभग 13,000 करोड़ की लागत से विकसित की जाएगी और इसका शिलान्यास भी प्रधानमंत्री 4 जुलाई को करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी उसी दिन राजस्थान के बाड़मेर में पचपदरा रिफाइनरी का भी उद्घाटन करेंगे। यह रिफाइनरी पहले 21 अप्रैल को शुरू होने वाली थी, लेकिन 20 अप्रैल को वहां आग लगने की घटना के कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था। अब रिफाइनरी के उद्घाटन के साथ ही जयपुर मेट्रो फेज-2 की आधारशिला भी रखी जाएगी।

प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने उच्च स्तरीय बैठक की और रिफाइनरी, मेट्रो परियोजना सहित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी नौकरियों के लिए चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह की व्यवस्थाओं को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए।

Leave feedback about this

  • Service