June 29, 2026
Entertainment

काशी के विकास पर अभिनेता आयुष शर्मा बोले, ‘पीएम मोदी के नेतृत्व में बदल रही है बनारस की तस्वीर’

Actor Aayush Sharma on the development of Kashi: ‘The face of Banaras is changing under PM Modi’s leadership.’

बॉलीवुड अभिनेता आयुष शर्मा अपनी आने वाली फिल्म ‘काशी’ को लेकर चर्चा में हैं। इसकी शूटिंग और कहानी का बड़ा हिस्सा उत्तर प्रदेश के बनारस यानी काशी से जुड़ा हुआ है। इस बीच, उन्होंने आईएएनएस से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम में हुए विकास कार्यों की सराहना की। साथ ही, अपने अनुभव और आध्यात्मिक जुड़ाव पर भी खुलकर बात की।

आईएएनएस से बात करते हुए आयुष शर्मा ने कहा, ”मैंने स्थानीय लोगों से लगातार यह सुना है कि पिछले कुछ सालों में काशी में काफी विकास कार्य हुए हैं और साफ-सफाई व्यवस्था में भी बड़ा सुधार आया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बनारस की तस्वीर बदल रही है, काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में जो बदलाव हुए हैं, वे काबिले तारीफ हैं। काशी हिंदू धर्म की आस्था का बड़ा केंद्र है, जिसे संरक्षित और व्यवस्थित रखना एक बड़ी जिम्मेदारी है। यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, और ऐसे में शहर का विकसित और स्वच्छ होना बेहद जरूरी है।”

उन्होंने आगे अपनी आने वाली फिल्म के बारे में भी विस्तार से बात की, जो काशी की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यह फिल्म बनारस के किरदारों और उनकी यात्रा को डार्क कॉमेडी के अंदाज में दिखाती है।

आयुष ने कहा, ”मेरी फिल्म का नाम ‘काशी’ है, और यह फिल्म दो प्रमुख स्थानों पर आधारित है काशी और मायानगरी मुंबई। फिल्म में बनारस के पांच अलग-अलग किरदारों की कहानी दिखाई गई है, जिन्हें डार्क कॉमेडी के अंदाज में पेश किया गया है। इन किरदारों का सफर मुंबई तक पहुंचता है, जहां वे एक बड़ी मिस्ट्री को सुलझाने की कोशिश करते हैं। फिल्म में एक्शन, रोमांस, कॉमेडी और थ्रिलर जैसे सभी चीजें मौजूद हैं। यह एक फुल फैमिली एंटरटेनमेंट फिल्म है। फिल्म का क्लाइमैक्स बेहद अनोखा और अलग तरह का है, जिसे मैंने हिंदी सिनेमा में कम ही देखा है।”

आईएएनएस संग बातचीत के दौरान आयुष शर्मा ने बनारस की आध्यात्मिकता और गंगा घाटों के अनुभव को साझा करते हुए कहा, ”बनारस एक ऐसी जगह है, जहां हर इंसान को जीवन में कम से कम एक बार जरूर जाना चाहिए। मैं अपनी मां को भी यहां लेकर आया। वह पहली बार पवित्र गंगा नदी को देखकर बेहद भावुक हो गईं। गंगा घाटों की सुंदरता और शांति ने मेरी मां को गहराई से प्रभावित किया। मैंने उन्हें भैरव मंदिर के दर्शन कराए और आगे काशी विश्वनाथ के दर्शन कराऊंगा। सालों से मेरी मां ने सिर्फ काशी के बारे में सुना था, लेकिन अब उन्होंने इसे करीब से महसूस किया।”

अभिनेता ने अपनी आस्था के बारे में बताते हुए कहा, “मैं भगवान महादेव का बड़ा भक्त हूं। जब भी मुझे काशी आने का अवसर मिलता है, तो मैं काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन जरूर करने आता हूं।”

आखिर में उन्होंने शूटिंग के अनुभव को साझा करते हुए बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद सेट पर आने वाले लोगों का उत्साह और प्यार मुझे बेहद प्रेरित करता है। उन्होंने कहा, ”पिछली बार जब मैं गाने की शूटिंग के लिए काशी आया था, तो स्थानीय लोगों ने तालियों और सीटियों के साथ मेरा हौसला बढ़ाया था। यही प्यार मुझे हर बार यहां खींच लाता है।”

Leave feedback about this

  • Service