June 29, 2026
National

‘बाबर जनता पार्टी’ टिप्पणी से बढ़ी सियासी तल्खी, भाजपा ने उद्धव ठाकरे को दिया करारा जवाब

‘Babar Janata Party’ remark escalates political acrimony; BJP gives a sharp retort to Uddhav Thackeray.

29 जून । शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा भारतीय जनता पार्टी को “बाबर जनता पार्टी” कहे जाने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने उद्धव ठाकरे के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने कहा, “उद्धव ठाकरे की खुद की पार्टी ‘औरंगजेब जनता पार्टी’ है, क्योंकि औरंगजेब की कब्र पर जाकर फूल चढ़ाने वाले प्रकाश अंबेडकर के साथ उन्होंने अलायंस किया था। अब औरंगजेब का नाम देने वाले कांग्रेस पार्टी के साथ उनका अलायंस है और इसके लिए मैं उद्धव ठाकरे को इतना ही कहूंगा कि वो बाबर की उठापटक न करें।”

उन्होंने महाराष्ट्र में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की भी वकालत की। भातखलकर ने बताया कि उन्होंने विधानसभा में इस संबंध में एक प्राइवेट मेंबर बिल प्रस्तुत किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मौजूदा विधानसभा सत्र में इस पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह राज्य सरकार ने एंटी कन्वर्जन बिल लाने की घोषणा की है, उसी प्रकार आने वाले समय में यूसीसी बिल भी लाया जाएगा।

वहीं, बीजेपी विधायक संजय उपाध्याय ने भी उद्धव ठाकरे की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सवाल किया, “स्वर्गीय हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे के हिंदुत्व के विचार छोड़ने के बाद उद्धव ठाकरे को बाबर नहीं याद आएगा तो और कौन याद आएगा? भारतीय जनता पार्टी को बदनाम करने से अच्छा वो अपने दामन को देखें। जब से उन्होंने हिंदुत्व छोड़ा है, महाराष्ट्र की जनता ने उनका साथ छोड़ दिया है। अब उनके पास बाबर के सिवाय कोई पर्याय नहीं है। दुर्भाग्य की बात है कि उद्धव ठाकरे इस प्रकार की अनर्गल बातें करते हैं।”

इसी दौरान संजय उपाध्याय ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक मामले पर भी सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि यदि जांच में परीक्षा में किसी प्रकार की गड़बड़ी या घोटाले की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में पहले से ही कार्रवाई कर रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave feedback about this

  • Service