June 29, 2026
National

उद्धव ठाकरे को हमारी निष्ठा पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं : गुरु प्रकाश

Uddhav Thackeray has no moral right to question our loyalty: Guru Prakash

29 जून । राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर उद्धव ठाकरे के बयान, पीएम मोदी की सेशेल्स यात्रा, नितिन नवीन, मोहन भागवत और इंद्रेश कुमार के बयान समेत बंगाल में यूसीसी और राहुल गांधी के लापता पोस्टर समेत विभिन्न मुद्दों पर भाजपा प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने अपनी प्रतिक्रिया दीं।

राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर उद्धव ठाकरे द्वारा भाजपा को बाबर जनता पार्टी करार देने पर गुरु प्रकाश पासवान ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “ये वही उद्धव ठाकरे हैं, जिन्होंने कांग्रेस के साथ सरकार बनाई थी। कांग्रेस वही पार्टी है, जिसने 2007 में भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद और भारतीय जनता पार्टी के लिए हमारी पीढ़ियों ने त्याग और बलिदान दिया है, इसलिए हमें किसी उद्धव ठाकरे से प्रमाण पत्र लेने की आवश्यकता नहीं है। उद्धव ठाकरे को हमारी निष्ठा पर सवाल खड़ा करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।”

पीएम मोदी की सेशेल्स यात्रा को लेकर भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “आज पूरे विश्व में भारत नेतृत्व करता हुआ दिखता है। भारत जो कहता है, वह होता है। उदाहरण के लिए भारत ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा, तो संयुक्त राष्ट्र ने रिकॉर्ड समय में इसे मंजूरी दे दी। प्रधानमंत्री को 23 से अधिक देशों ने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है। सेशेल्स में भी प्रधानमंत्री को सम्मानित किया गया है। पीएम मोदी का सम्मान होता है तो 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान होता है।”

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बयान पर सहति जताते हुए गुरु प्रकाश ने कहा, “जब देश में राजनीति करनी होती है तो राहुल गांधी विदेश चले जाते हैं। राहुल गांधी को बताना चाहिए कि वह विदेश में क्या करने जाते हैं? देश के मुद्दों से राहुल गांधी का कोई लेना-देना नहीं है। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां भ्रष्टाचार चरम पर है, कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है।”

इंद्रेश कुमार ने कहा है कि बापू झुकते नहीं तो देश का विभाजन नहीं होता। इस बयान पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “इतिहास के पन्नों को पलटने की कोई जरूरत नहीं है। आज भविष्य के बारे में सोचने की आवश्यकता है। पिछले 12 सालों में देश की सुरक्षा, संप्रुभता और अभिमान को अक्षुण रखा गया है और मजबूत किया गया है। पूरे विश्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है।”

पश्चिम बंगाल में प्रस्तावित यूसीसी बिल पर गुरु प्रकाश ने कहा, “यूसीसी एक संवैधानिक प्रतिबद्धता है। संविधान के निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर ने इस संकल्प को अपने कई भाषणों में कहा था। जब संविधान के अनुसार कोई काम हो रहा, तो किसी भी राजनीतिक बयानबाजी से बचना चाहिए।”

Leave feedback about this

  • Service