August 25, 2026
National

नोएडा: ऑनलाइन फ्रेंडशिप क्लब की आड़ में लूटपाट करने वाले गैंग का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार

Noida: Gang busted under the guise of online friendship club, 5 arrested

नोएडा के थाना सेक्टर-24 पुलिस ने ऑनलाइन फ्रेंडशिप क्लब की आड़ में लोगों को अपने जाल में फंसाकर लूटपाट करने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंग के दो पुरुष आरोपियों और तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग आरोपी को अभिरक्षा में लिया गया है।

आरोपियों के कब्जे से एक लूटी गई फॉर्च्यूनर कार, वारदात में इस्तेमाल की गई दो कारें (स्विफ्ट और ऑरा) तथा एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के खरगोश पार्क, सेक्टर-54 के पास से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमवीर यादव, मंजेश यादव, निधि यादव, प्रियंका यादव और काजल उर्फ रिया यादव के रूप में हुई है। इनके साथ एक नाबालिग भी गैंग की गतिविधियों में शामिल पाया गया, जिसे बाल न्याय अधिनियम के तहत अभिरक्षा में लिया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ऑनलाइन फर्जी फ्रेंडशिप क्लब संचालित करते थे। गैंग का एक सदस्य पंकज यादव सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से ग्राहकों को संपर्क कर फंसाता था। इसके बाद महिला सदस्य दोस्ती और मुलाकात का झांसा देकर पीड़ितों को अपनी कार में बैठा लेती थीं। सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद गैंग के अन्य सदस्य वहां पहुंच जाते और मारपीट कर नकदी, मोबाइल, वाहन तथा अन्य कीमती सामान लूट लेते थे।

वारदात के दौरान गैंग के कुछ सदस्य दूसरी कार में पीछे-पीछे चलते थे, ताकि जरूरत पड़ने पर मदद कर सकें। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि 30 जून की रात सेक्टर-54 स्थित पेट्रोल पंप के पास इसी गैंग ने एक व्यक्ति को अपनी स्विफ्ट कार में बैठाया था। आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल फोन छीन लिया और जबरन मोबाइल का लॉक खुलवाकर यूपीआई के माध्यम से करीब 18 हजार रुपये अपने विभिन्न खातों में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद उसकी जेब से पर्स और फॉर्च्यूनर कार की चाबी छीनकर वाहन लेकर फरार हो गए थे।

इस वारदात में स्विफ्ट कार में ओमवीर यादव, मंजेश यादव, पंकज यादव और निधि यादव मौजूद थे, जबकि दूसरी ऑरा कार में जीतू यादव उर्फ छोटू, रिशु यादव, प्रियंका यादव, काजल उर्फ रिया और अभिषेक यादव सवार थे। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-24 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं। बरामदगी में लूटी गई फॉर्च्यूनर कार, घटना में इस्तेमाल स्विफ्ट और ऑरा कार के अलावा एक अवैध चाकू भी शामिल है। नोएडा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या ऑनलाइन फ्रेंडशिप क्लब के नाम पर मिलने वाले अज्ञात लोगों से सावधान रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति से मिलने से पहले उसकी पूरी जानकारी की पुष्टि करें।

Leave feedback about this

  • Service