July 6, 2026
National

जमशेदपुर के हिमांशु सिंह हत्याकांड में भाजपा नेता और डीडी बार के मालिक नीरज सिंह राजस्थान से गिरफ्तार

BJP leader and DD Bar owner Neeraj Singh arrested from Rajasthan in connection with the Himanshu Singh murder case in Jamshedpur.

जमशेदपुर में करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या के नामजद आरोपी डीडी बार के मालिक और भाजपा नेता नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर जिले से गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मामले में बार के मैनेजर विजय कुमार को ओडिशा से हिरासत में लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार नीरज सिंह की गिरफ्तारी रविवार देर शाम मोबाइल सर्विलांस के आधार पर की गई। जमशेदपुर पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए लोकेशन के आधार पर सीकर पुलिस ने उन्हें खाटू श्याम धाम के पास पकड़ा। बताया गया कि वह अपने पुत्र के साथ मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। उनकी गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब सोमवार को उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर अदालत में सुनवाई प्रस्तावित थी।

मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) नीरज सिंह की तलाश में लगातार मानगो स्थित उनके आवास समेत कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने उनके आवास से करीब 3.5 करोड़ रुपये मूल्य की एक लग्जरी कार सहित दो वाहन जब्त किए थे। पुलिस टीमों ने कोलकाता, बेंगलुरु और अन्य राज्यों में भी उनकी तलाश की थी।

गौरतलब है कि 27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डीडी बार परिसर में हिमांशु सिंह, प्रत्युष आनंद और उनके साथियों का दूसरे पक्ष से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद कुल्हाड़ी, चाकू, चापड़ और अन्य धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें हिमांशु सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान 29 जून को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में उनकी मौत हो गई, जबकि प्रत्युष आनंद का इलाज कोलकाता के एक अस्पताल में चल रहा है।

मृतक के पिता अरविंद सिंह की शिकायत पर बिष्टुपुर थाने में नीरज सिंह, विजय कुमार, सोनू राम सरदार, विश्वनाथ मंडल, राहुल, राज लोहार, अमित लोहार समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब तक तीन नाबालिगों सहित सोनू राम सरदार और राज लोहार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार मामले का मुख्य शूटर और दो लाख रुपये का इनामी आरोपी विश्वनाथ मंडल अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Leave feedback about this

  • Service