July 13, 2026
Entertainment

पिता के निधन के दो हफ्ते बाद शुरू की फिल्म की शूटिंग, बोलीं विधात्री बंदी- ‘मैं पूरी तरह टूट चुकी थी’

Started shooting for the film two weeks after her father’s passing; Vidhatri Bandi says, “I was completely shattered.”

अभिनेत्री विधात्री बंदी इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी’ को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म की शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले विधात्री ने अपने पिता को खो दिया। इस गहरे दुख के बावजूद उन्होंने खुद को संभाला और कैमरे के सामने अपने किरदार को निभाने की कोशिश की। आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने उस मुश्किल समय को याद किया और बताया कि उस दौरान वह अंदर से पूरी तरह टूट चुकी थीं।

आईएएनएस से बात करते हुए विधात्री बंदी ने बताया कि उनके पिता का निधन फिल्म की तैयारी शुरू होने से करीब डेढ़ से दो हफ्ते पहले हुआ था। ऐसे समय में उनके लिए किसी भी काम पर ध्यान देना बहुत मुश्किल था। उन्होंने कहा, ”मैंने उस समय अपने पिता को खो दिया था। उनके निधन के करीब डेढ़ या दो हफ्ते बाद ही हमने फिल्म की तैयारी शुरू कर दी थी। जब मैं शूटिंग के लिए सेट पर पहुंची, तब मैं पूरी तरह सुन्न हो चुकी थी। अंदर से इतनी टूट गई थी कि मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या हो रहा है।”

विधात्री ने बताया कि इस दर्द का असर उनके काम पर भी पड़ा। उन्होंने कहा, ”फिल्म में मेरा किरदार बहुत ही खूबसूरती से लिखा गया है, लेकिन शुरुआत में मैं उस किरदार की भावनाओं को समझ नहीं पा रही थीं। मुझे उसके जीवन, उसकी सोच और उसकी भावनाओं को समझने में थोड़ा समय लगा। शुरुआत में यही मेरे लिए सबसे बड़ी चुनौती थी।”

हालांकि, कुछ समय बाद हालात बदलने लगे। विधात्री ने बताया कि फिल्म के निर्देशक पद्मकुमार नरसिम्हमूर्ति, जिन्हें लोग प्यार से पैडी भी कहते हैं, और उनके को-स्टार सिद्धार्थ मेनन ने इस मुश्किल समय में उनका पूरा साथ दिया। उन्होंने कहा, ”धीरे-धीरे मुझे अपने काम की लय मिल गई। इसका पूरा श्रेय हमारे निर्देशक और सिद्धार्थ को जाता है। सिद्धार्थ ऐसे कलाकार हैं, जो अपने साथ काम करने वाले कलाकार की हर तरह से मदद करते हैं। उनके साथ काम करना बहुत आसान रहा। शुरुआत में मुझे परेशानी हुई, लेकिन इन दोनों की वजह से मैं उस दौर से बाहर निकल सकी।”

विधात्री ने कहा कि किसी भी कलाकार के लिए निजी जिंदगी का दुख और पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाना आसान नहीं होता। लेकिन अगर पूरी टीम साथ दे, तो मुश्किल समय से बाहर निकलना थोड़ा आसान हो जाता है। बता दें कि ‘मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी’ एक रिलेशनशिप ड्रामा फिल्म है। इस फिल्म का निर्देशन पद्मकुमार नरसिम्हमूर्ति ने किया है। फिल्म में सिद्धार्थ मेनन, विधात्री बंदी, नफीसा अली, नासिर, मंदिरा बेदी और मेधा शंकर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service