बिहार की राजधानी पटना स्थित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा के पूर्व उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी ने आईएएनएस से विशेष बातचीत में कहा कि वे जीवन भर पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं और आगे भी रहेंगे। बंटी ने कहा, “मैं भाजपा का बूथ स्तर का कार्यकर्ता हूं और कार्यकर्ता के रूप में निरंतर पार्टी की सेवा करता रहूंगा। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने जो फैसला लिया है, मैं उसके पूर्णतः साथ हूं। नीरज सिन्हा को जिताने के लिए मैं पूरा काम करूंगा।”
उन्होंने कहा कि एनडीए के प्रत्याशी नीरज सिन्हा की जीत के लिए मैं लगातार मेहनत करूंगा और हर जगह जाकर मतदाता भाइयों और बहनों को आग्रह करूंगा कि अपने एनडीए प्रत्याशी नीरज सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाना है। मैं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में जो आगे काम पार्टी ने तय किया है, वो काम लगातार करूंगा, क्योंकि मैं कार्यकर्ता हूं। आगे कार्यकर्ता के भाव से काम करूंगा।
पिता से जुड़े पुराने विवाद पर बंटी ने स्पष्ट किया, “उस समय मैं बहुत छोटा था, सिर्फ 12 साल का था। अब मैं 26 वर्षों से पार्टी की सेवा कर रहा हूं। पार्टी जो भी दायित्व देगी, मैं उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा और जनता के बीच काम करता रहूंगा।”
अभिषेक कुमार बंटी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ हुई मुलाकात पर कहा कि मुलाकात हो गई। अध्यक्ष जी बोले कि आप हमेशा काम करते हैं और आपको काम करना है, कहीं दिक्कत नहीं है। हम लोग, क्योंकि हम लगातार 26 वर्षों से, मेरा भी अनुभव है, एक बूथ लेवल के कार्यकर्ता थे और कहीं न कहीं पार्टी ने मुझे बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी थी। मैं पार्टी के लिए हमेशा उनके विश्वास पर खरा उतरूंगा।
उन्होंने यह भी कहा कि वे हमेशा पार्टी के प्रति वफादार रहेंगे और संगठन की हर जिम्मेदारी निभाते हुए जनसेवा में लगे रहेंगे। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार बंटी को उम्मीदवार घोषित किया था। बंटी ने नामांकन भी दाखिल कर दिया था। लेकिन, 24 घंटे के भीतर उन्होंने चुनाव न लड़ने का फैसला किया। उन्होंने इसके पीछे परिवारिक कारण बताया।
इसके बाद भाजपा ने नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया। सिन्हा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मौजूदगी में 13 जुलाई को नामांकन दाखिल कर दिया है। इस सीट से जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी नामांकन दाखिल किया है।
बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर 30 जुलाई को मतदान होंगे। इसके बाद 3 अगस्त को नतीजों की घोषणा की जाएगी।


Leave feedback about this