15 जुलाई । ‘हातिम’, ‘तू आशिकी’, ‘मैडम सर’ और ‘अनुपमा’ जैसे लोकप्रिय शोज का हिस्सा रह चुके अभिनेता राहिल आजम जल्द ही निर्देशन की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। राहिल जल्द ही एक म्यूजिक वीडियो में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे, जिसके साथ वह बतौर निर्देशक, लेखक, निर्माता और एडिटर भी अपना डेब्यू कर रहे हैं।
इस पर राहिल का कहना है कि यह म्यूजिक वीडियो उनके लिए सिर्फ एक काम नहीं, बल्कि लंबे समय से उनके मन में बसे एक सपने को पूरा करने की शुरुआत है।
अपने इस नए सफर को लेकर राहिल आजम ने कहा कि अभिनय के दौरान उन्होंने हमेशा अपने किरदारों को पूरी ईमानदारी से निभाने की कोशिश की है, लेकिन निर्देशन ने उन्हें अपनी सोच और अपनी कहानी को अपने तरीके से दर्शकों तक पहुंचाने का मौका दिया है।
राहिल ने कहा, ”यह म्यूजिक वीडियो मेरे लिए सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं है। यह उस सोच और विजन की शुरुआत है, जिसे मैं काफी समय से अपने अंदर लेकर चल रहा था। एक अभिनेता के तौर पर मैंने हमेशा अपने हर किरदार में पूरी मेहनत और दिल लगाया है, लेकिन निर्देशन ने मुझे अपनी कहानी को उसी तरह पेश करने का मौका दिया, जैसा मैंने उसे अपने मन में महसूस किया था।”
राहिल ने आगे कहा, ”अभिनय, निर्देशन, लेखन और एडिटिंग को एक साथ संभालना काफी चुनौतीपूर्ण था। इस दौरान कई बार उत्साह महसूस हुआ और कई बार खुद पर सवाल भी उठे। लेकिन हर कदम ने मुझे यह याद दिलाया कि मुझे कहानी कहने से कितना प्यार है। इस पूरे सफर ने उन्हें काफी कुछ सिखाया है।”
उन्होंने कहा, ”मेरी कोशिश रही कि म्यूजिक वीडियो का हर हिस्सा दर्शकों से जुड़ सके। मैं चाहता हूं कि हर फ्रेम ईमानदारी से पेश हो, हर भावना असली महसूस हो और हर विजुअल दर्शकों के दिल पर अपनी छाप छोड़े। मैंने इस प्रोजेक्ट में अपना पूरा जुनून और प्यार लगाया है। मुझे उम्मीद है कि दर्शक भी इसे उसी भावना के साथ स्वीकार करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “दर्शकों का प्यार हमेशा मेरी सबसे बड़ी ताकत रही है, और मैं अपने इस नए सफर को उनके साथ साझा करने के लिए उत्साहित हूं।”
फिलहाल इस म्यूजिक वीडियो से जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
राहिल आजम इन दिनों लोकप्रिय टीवी शो ‘अनुपमा’ में पराग कोठारी के किरदार में नजर आ रहे हैं। यह शो बंगाली धारावाहिक ‘श्रीमयी’ का हिंदी रूपांतरण है और लंबे समय से दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाए हुए है।


Leave feedback about this