July 21, 2026
Entertainment

‘उड़ने की आशा’ में राधिका विद्यासागर को रिप्लेस करेंगी सोनाली नाइक, बोलीं- अपनी तरह से निभाऊंगी रेणुका का किरदार

Sonali Naik to replace Radhika Vidyasagar in ‘Udne Ki Aasha’; says she will portray the character of Renuka in her own style.

टेलीविजन अभिनेत्री सोनाली नाइक लोकप्रिय शो ‘उड़ने की आशा’ में रेणुका की भूमिका निभाने जा रही हैं, जिसे इससे पहले अभिनेत्री राधिका विद्यासागर ने निभाया था। आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में सोनाली ने बताया कि उन्हें इस किरदार को निभाने का दबाव महसूस हो रहा है, लेकिन वह इसे एक चुनौती के रूप में ले रही हैं और अपनी पूरी कोशिश करेंगी।

सोनाली नाइक ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, ”राधिका मेरी बहुत अच्छी दोस्त हैं। हम कई सालों से एक-दूसरे को जानते हैं और उन्होंने रेणुका का किरदार बहुत शानदार तरीके से निभाया है। जब कोई अच्छा कलाकार किसी किरदार को इतनी खूबसूरती से पेश करता है, तो उस भूमिका में आने पर दबाव जरूर होता है। मुझे भी यह दबाव महसूस हो रहा है, लेकिन मैं अपनी तरफ से पूरी कोशिश करूंगी।”

सोनाली के लिए यह अनुभव इसलिए भी खास है क्योंकि उनके करियर में पहली बार ऐसा मौका आया है, जब वह किसी चल रहे टीवी शो में पहले से निभाए जा रहे किरदार को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले उन्होंने कभी किसी कलाकार को रिप्लेस नहीं किया था।

अभिनेत्री ने कहा, ”आज तक मैंने कभी रिप्लेसमेंट नहीं किया है। जिंदगी में पहली बार मैं किसी ऐसे किरदार में कदम रख रही हूं, जिसे कोई और कलाकार पहले निभा चुका है। इसलिए मेरी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। इसके अलावा ‘उड़ने की आशा’ पिछले ढाई सालों से बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। दबाव जरूर है, लेकिन मुझे लगता है कि दबाव में काम करना अच्छा होता है, क्योंकि इससे कलाकार और मेहनत करता है और खुद को बेहतर बनाने की कोशिश करता है।”

सोनाली ने आगे कहा, ”मैं अपनी तरह से रेणुका के किरदार को एक नए स्तर पर ले जाने की कोशिश करूंगी। मैं उसे बिल्कुल वैसा नहीं निभाना चाहती, जैसा राधिका ने निभाया है। किरदार की मूल कहानी और स्वभाव वही रहेगा, लेकिन इसमें मेरी अपनी झलक होगी। मैं रेणुका को जिस नजरिए से समझती हूं, उसी तरह उसे पर्दे पर दिखाऊंगी। मुझे लगता है कि दर्शकों को एक अलग रेणुका देखने को मिलेगी।”

अपने किरदार के बारे में बात करते हुए सोनाली ने बताया, ”रेणुका के किरदार में कई पहलू हैं। समय के साथ बहुत सारी चीजें बदलती हैं और इंसान के अनुभव भी उसे बदल देते हैं। उसकी जिंदगी में भी काफी कुछ हुआ है। सचिन और सायली घर छोड़ चुके हैं। सायली वह इंसान थी, जिसने परिवार को एक साथ संभालकर रखा था। रेणुका का अपनी हर बहू के साथ अलग रिश्ता है और अपने तीनों बेटों के साथ भी उसका अलग जुड़ाव है।”

उन्होंने आगे कहा, ”यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि अब रेणुका घर को कैसे संभालती हैं। क्या सचिन और सायली वापस आएंगे? अगर वे वापस आते हैं तो रेणुका और सायली का रिश्ता कैसा होगा? कहानी में कई बदलाव आने वाले हैं और मुझे लगता है कि दर्शकों को इसे देखना काफी पसंद आएगा।” बता दें कि ‘उड़ने की आशा’ में नेहा हरसोरा और कंवर ढिल्लों मुख्य भूमिकाओं में नजर आते हैं। शो जल्द ही कहानी में सात साल का लीप लेने जा रहा है, जिसके बाद किरदारों की जिंदगी में कई नए बदलाव देखने को मिलेंगे।

Leave feedback about this

  • Service