July 21, 2026
National

जब तक धर्मेंद्र प्रधान नहीं देंगे इस्तीफा, आंदोलन रहेगा जारी : आशुतोष रांका

The agitation will continue until Dharmendra Pradhan resigns: Ashutosh Ranka

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने जंतर-मंतर पर जारी अपने विरोध प्रदर्शन को तेज करने का ऐलान करते हुए केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर प्रदर्शनकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आईएएनएस से बातचीत में दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और शांतिपूर्ण आंदोलन को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई की उन्हें पहले कभी उम्मीद नहीं थी। उनका आरोप है कि पुलिस को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग करने के निर्देश दिए गए थे। सरकार के साथ हुई बैठक का उल्लेख करते हुए रांका ने कहा कि वार्ता करीब पांच घंटे तक चली, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में बातचीत करना चाहती है तो उसे प्रदर्शन स्थल पर आकर प्रदर्शनकारियों से संवाद करना चाहिए।

रांका ने कहा कि पार्टी की प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है। उन्होंने कहा कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। उनका दावा है कि पुलिस कार्रवाई से आंदोलन कमजोर होने के बजाय और व्यापक होगा तथा पहले से अधिक लोग इसमें शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचेंगे।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शन स्थल को नुकसान पहुंचाया गया और आंदोलन के संचालन में सहयोग कर रहे स्वयंसेवकों के साथ भी मारपीट की गई।

रांका ने कहा, “हमारी मांगें पूरी होने तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। दिल्ली पुलिस की कार्रवाई और कथित हिंसा का हम लगातार आकलन कर रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने जंतर-मंतर पहुंचना चाहते थे, लेकिन पुलिस की कार्रवाई ने सरकार के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।”

Leave feedback about this

  • Service