July 24, 2026
Sports

पहला टी20: वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक फिफ्टी, भारत ने जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराया

First T20: Vaibhav Suryavanshi’s historic fifty; India beat Zimbabwe by 7 wickets.

 

हरारे, भारतीय क्रिकेट टीम ने तीन टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हरा दिया। गुरुवार को खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम को जीत के लिए 126 रन की जरूरत थी। टीम इंडिया ने वैभव सूर्यवंशी के विस्फोटक अर्धशतक की मदद से ये लक्ष्य 13.2 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।

 

 

अपने शुरुआती तीन पारियों में फ्लॉप रहे बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला इस मैच में जमकर चला। वैभव ने अर्धशतक लगाया और अंतरराष्ट्रीय फिफ्टी में फिफ्टी लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बने। वैभव ने मात्र 19 गेंदों पर 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 50 रन की पारी खेली।

 

इसके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने 24 गेंदों पर 35 रन की पारी खेली। किशन ने अपनी पारी में 3 चौके और 2 छक्के लगाए। कप्तान श्रेयस अय्यर 24 गेंदों पर 28 और तिलक वर्मा 5 गेंदों पर 6 रन बनाकर नाबाद रहे। अभिषेक शर्मा का बल्ला नहीं चला। वह 8 गेंदों पर सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए।

 

ब्लेसिंग मुजारबानी ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट लिए। रिचर्ड नागवारा ने को 1 विकेट मिला।

 

इससे पहले टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला करते हुए भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को 7 विकेट के नुकसान पर 125 रन पर रोक दिया था। जिम्बाब्वे के लिए रेयान बर्ल ने 35 गेंदों पर 26, वेस्ली मधेवेरे ने 34 गेंदों पर 39 और तादिवानाशे मारुमानी ने 20 गेंदों पर 27 रन की पारी खेली थी।

 

भारत की तरफ से तेज गेंदबाज मयंक यादव ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2, प्रिंस यादव ने 4 ओवर में 19 रन देकर 2, शिवम दुबे ने 4 ओवर में 32 रन देकर 1, और रवि बिश्नोई ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लिया।

 

भारत ने इस जीत के साथ सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत की यह पहली जीत है।

Leave feedback about this

  • Service