July 25, 2026
Entertainment

राज कुंद्रा पर्दे पर लाएंगे पंजाब की अनकही कहानियां, बोले-यहां कई दमदार किस्से अभी बाकी हैं

Raj Kundra to bring untold stories of Punjab to the screen; says many powerful tales are yet to be told.

एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति बिजनेसमैन राज कुंद्रा अब पंजाबी सिनेमा में अपनी एक अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। अपनी पहली पंजाबी फिल्म ‘मेहर’ के जरिए अभिनय की शुरुआत करने वाले राज कुंद्रा अब ऐसी कहानियों का हिस्सा बनना चाहते हैं, जो सिर्फ मनोरंजन तक सीमित न हों, बल्कि समाज, संस्कृति और लोगों की भावनाओं को भी दर्शाएं।

उनका कहना है कि पंजाब की मिट्टी में कई ऐसी कहानियां छिपी हुई हैं, जिन्हें अब तक बड़े पर्दे पर सही तरीके से पेश नहीं किया गया है।

राज कुंद्रा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, ”मैं सिर्फ फिल्मों में नजर आने के लिए काम नहीं करना चाहता, बल्कि ऐसे प्रोजेक्ट चुनना चाहता हूं, जिनके पीछे कोई मजबूत विचार और उद्देश्य हो। मेरे लिए किसी भी फिल्म या किरदार का महत्व इस बात से तय होता है कि वह दर्शकों तक क्या संदेश पहुंचाता है। मुझे ऐसे प्रोजेक्ट पसंद हैं, जो परिस्थितियों से जुड़े हों। पंजाब में ऐसी बहुत सी महत्वपूर्ण कहानियां हैं, जो अभी तक पर्दे तक नहीं पहुंची हैं।”

राज कुंद्रा ने अपनी अगली फिल्म ‘द ग्रेट पंजाब रॉबरी’ को लेकर बताया, ”इस फिल्म का विचार काफी पहले आया था। यह फिल्म सौरभ वर्मा के साथ मेरी पहली फिल्म बनने वाली थी, लेकिन उस समय आर्थिक सहयोग और निर्माताओं की कमी के कारण यह प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ पाया, हालांकि फिल्म की कहानी मुझे हमेशा पसंद रही और मैं इससे जुड़ा रहा।”

राज कुंद्रा ने बताया, ”फिल्म ‘मेहर’ के बाद कई निर्माताओं ने मुझसे संपर्क किया। इसी दौरान मैंने ‘द ग्रेट पंजाब रॉबरी’ को लेकर बातचीत की और कई निर्माता इस प्रोजेक्ट से जुड़ गए। अच्छी कहानी हमेशा अपना रास्ता बना लेती है और यही इस फिल्म के साथ भी हुआ।”

उन्होंने आगे बताया कि ‘द ग्रेट पंजाब रॉबरी’ के बाद उनकी अगली फिल्म एक होम प्रोडक्शन होगी। यह फिल्म पूरे भारत के दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई जाएगी और पैन इंडिया स्तर पर रिलीज करने की योजना है।

Leave feedback about this

  • Service