July 25, 2026
National

पेपर लीक पर सख्त कानून बना चुकी है सरकार, विपक्ष कर रहा राजनीति : भाजपा

Government has enacted a strict law against paper leaks; Opposition is playing politics: BJP

25 जुलाई । प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाया है, लेकिन विपक्ष इस गंभीर मुद्दे पर भी राजनीति कर रहा है।

गिरिराज सिंह ने आईएएनएस से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के छात्रों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील हैं। सरकार ने बिना किसी देरी के लीक-प्रूफ व्यवस्था तैयार करने की दिशा में कदम उठाए। नीट परीक्षा दोबारा कराई गई, उसका परिणाम भी बहुत जल्द घोषित कर दिया गया और अब एडमिशन प्रक्रिया की तैयारी चल रही है।

केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर सवाल उठाते हुए कहा, “क्या विपक्ष ने कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कोई ऐसा पत्र लिखा, जिसमें छात्रों के हित में कोई ठोस सुझाव दिया गया हो?” उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों को छात्रों की चिंता नहीं है, बल्कि वे केवल इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाना चाहते हैं।

गिरिराज सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे देश में अराजकता का माहौल बनाना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस मुद्दे को राजनीतिक उत्सव की तरह पेश कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी सत्ता हासिल करने के लिए विदेश जाकर भारत के खिलाफ एजेंडा फैलाते हैं।

इस बीच, भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के विरोध के कारण राहुल गांधी किसी भी सार्थक बहस के लिए तैयार नहीं हैं। पिछले पांच दिनों से हम संसद में चर्चा चाहते हैं। वे अपनी बात रखें, हम अपनी बात रखेंगे। हमारे पास भी बहुत कुछ कहने के लिए है कि कांग्रेस सरकारों के समय कितने पेपर लीक हुए थे और राजस्थान में क्या हुआ था। उस समय राहुल गांधी और कांग्रेस पूरी तरह खामोश थे।”

उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि मौजूदा केंद्र सरकार कानून को और सख्त बना रही है, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट संकल्प है कि सभी के सहयोग से प्रतियोगी परीक्षाओं में होने वाली गड़बड़ियों को पूरी तरह खत्म किया जाएगा। रविशंकर प्रसाद ने विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें छात्रों की चिंता कम और अपनी राजनीतिक पार्टी की चिंता ज्यादा है।

Leave feedback about this

  • Service