July 30, 2026
Entertainment

आकांक्षा सिंह बर्थडे स्पेशल: ‘ना बोले तुम…’ से की शुरुआत, साउथ और बॉलीवुड में भी छोड़ी अपनी छाप

Akanksha Singh Birthday Special: Started with ‘Na Bole Tum…’, made her mark in South Indian cinema and Bollywood too.

टीवी की दुनिया से अपने करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री आकांक्षा सिंह आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। अपनी शानदार एक्टिंग, सादगी और दमदार किरदारों के दम पर उन्होंने हिंदी टीवी के साथ-साथ साउथ सिनेमा और बॉलीवुड में भी अपनी अलग जगह बनाई है।

30 जुलाई, 1990 को राजस्थान के जयपुर में जन्मी आकांक्षा सिंह का बचपन कला और रंगमंच से जुड़ा रहा। उनकी मां थिएटर आर्टिस्ट थीं, जिसका असर आकांक्षा की जिंदगी पर भी पड़ा। एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले उन्होंने फिजियोथेरेपी की पढ़ाई की, लेकिन उनका झुकाव हमेशा अभिनय की तरफ रहा। उन्होंने थिएटर से अपने सफर की शुरुआत की और धीरे-धीरे मनोरंजन जगत में अपनी पहचान बनानी शुरू की।

आकांक्षा सिंह को घर-घर में पहचान मिली साल 2012 में आए टीवी शो ‘ना बोले तुम ना मैंने कुछ कहा’ से। इस शो में उन्होंने मेघा व्यास भटनागर का किरदार निभाया था। एक विधवा मां के भावनात्मक और मजबूत किरदार को उन्होंने इतनी खूबसूरती से निभाया कि दर्शकों के दिल में अपनी जगह बना ली। इस भूमिका के लिए उन्हें इंडियन टेली अवॉर्ड्स में फ्रेश न्यू फेस फीमेल का सम्मान भी मिला।

इसके बाद आकांक्षा ने कई अलग-अलग तरह के किरदारों में खुद को साबित किया। उन्होंने टीवी शो ‘गुलमोहर ग्रैंड’ में भी काम किया। छोटे पर्दे पर सफलता हासिल करने के बाद उन्होंने फिल्मों की ओर कदम बढ़ाया।

साल 2017 आकांक्षा सिंह के करियर के लिए खास रहा। उन्होंने बॉलीवुड फिल्म ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ से बड़े पर्दे पर डेब्यू किया। इसी साल उन्होंने तेलुगु फिल्म ‘मल्ली रावा’ से साउथ सिनेमा में भी शुरुआत की। इस फिल्म में उनके अभिनय को काफी सराहना मिली और उन्हें एसआईआईएमए अवॉर्ड्स में बेस्ट फीमेल डेब्यू (तेलुगु) के लिए नामांकन भी मिला।

इसके बाद आकांक्षा ने तेलुगु फिल्म ‘देवदास’ में काम किया, जिसमें उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया। वहीं, कन्नड़ फिल्म ‘पैलवान’ में उन्होंने साउथ के सुपरस्टार किच्चा सुदीप के साथ स्क्रीन शेयर की।

साल 2022 में रिलीज हुई अजय देवगन स्टारर फिल्म ‘रनवे 34’ में आकांक्षा सिंह ने अहम भूमिका निभाई। इस फिल्म के जरिए उन्होंने हिंदी फिल्मों में अपनी मौजूदगी और मजबूत की। इसके अलावा, वह वेब सीरीज की दुनिया में भी सक्रिय रहीं और ‘रंगबाज: डर की राजनीति’ और ‘मीट क्यूट’ जैसे प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनीं।

आकांक्षा सिंह ने अपने करियर में सिर्फ एक तरह के किरदारों तक खुद को सीमित नहीं रखा। टीवी की भावुक बेटी और मां से लेकर फिल्मों में अलग-अलग भूमिकाओं तक, उन्होंने हर किरदार को पूरी मेहनत और ईमानदारी से निभाया है।

Leave feedback about this

  • Service