August 7, 2026
Entertainment

‘द अलायंस’ विनर मिनी माथुर बोलीं, जीतने के लिए डाउन एंड डर्टी होने की जरूरत नहीं

‘The Alliance’ winner Mini Mathur says you don’t need to play dirty to win.

मशहूर टीवी होस्ट और अभिनेत्री मिनी माथुर इन दिनों वेब रियलिटी शो ‘द अलायंस’ की विजेता के तौर पर सुर्खियों बटोर रही हैं। अभिनेत्री ने आईएएनएस के साथ बातचीत में रियलिटी शो में, स्मार्ट गेमप्ले और डर्टी गेमप्ले के बीच के अंतर पर बात की।

अभिनेत्री का मानना है कि ऐसे शोज में कुछ हद तक मैनिपुलेशन होता है। उन्होंने कहा कि कई बार खिलाड़ी अपनी रणनीति के तहत दूसरे का गेम अंडरप्ले करवाने की कोशिश करते हैं। अगर इससे किसी की अपनी रणनीति को फायदा मिलता है, तो यह गेम का हिस्सा माना जा सकता है, हालांकि वह पर्सनल अटैक में विश्वास नहीं करती हैं।

उन्होंने कहा कि किसी के जेंडर का अपमान करना गलत है। सिर्फ माहौल खराब करने के लिए चिल्लाना भी सही नहीं है। रणनीति के साथ खेलना और किसी को नीचा दिखाकर आगे बढ़ना, दोनों अलग बातें हैं। इन दोनों के बीच बहुत बारीक फर्क होता है। उम्मीद है मेरी जीत दूसरे रियलिटी शो को यह मैसेज देगी कि जीतने के लिए आपको डाउन एंड डर्टी होने की जरूरत नहीं है। आप गेम के नियमों के अंदर सीधे, तेज, स्ट्रैटजिक और मैनिपुलेटिव भी हो सकते हैं। आप पचास से ज्यादा उम्र की महिला भी हो सकती हैं और फिर भी अपनी आधी उम्र के कंटेस्टेंट को हरा सकती हैं।”

मिनी माथुर ने कुशाल टंडन के व्यवहार के बारे में भी बात की। उनका मानना है कि कुशाल वैसे ही हैं जैसे कैमरे में दिखते हैं। शायद यही बात उनके फैंस को पसंद आती है। उन्होंने कहा, “मुझे कभी नहीं लगा कि वे कैमरों के लिए परफॉर्म कर रहे हैं। असल जिंदगी में भी वे ऐसे ही बात करते हैं। हालांकि कई मौकों पर मैंने उनसे बोला था कि उन्हें अपना अग्रेसन कम करना चाहिए, लेकिन उन्हें लगता था कि उनकी ऑडियंस उन्हें वैसे ही पसंद करती है जैसे वे हैं।”

अभिनेत्री नेकहा कि कुशाल बहुत ही सच्चे व्यक्ति हैं क्योंकि शो में वे जिन लोगों के साथ शुरू में खड़े थे, आखिरी तक उन्होंने उनका साथ दिया था। फिर सोहेल भाई हों, रेबा हों या मैं, वे पूरे सफर में सच्चे रहे। मिनी माथुर ने कहा, “उन्होंने पूरे शो में मेरी इज्जत की और इसी वजह से मेरे पास कुशाल टंडन के बारे में कहने के लिए कुछ भी नेगेटिव नहीं है।”

आईएएनएस ने जब अभिनेत्री से पूछा कि क्या वे आगे कोई रियलिटी शो करेंगी तो अभिनेत्री ने मना कर दिया और बताया कि उनके कई सारे प्रोजेक्ट लाइन पर लगे हुए हैं, जिनमें वे व्यस्त रहेंगी। अभिनेत्री ने कहा, “मैं इस साल महिलाओं के स्वास्थ्य पर फोकस करने वाला एक बिजनेस शुरू कर रही हूं, और अभी यह मेरी प्रायोरिटी है। मुझे नहीं पता कि मैं किसी और रियलिटी शो के लिए कमिट कर पाऊंगी या नहीं, लेकिन इस सफर ने मुझे कुछ सिखाया है, तो वह यह है कभी ना मत कहो।”

Leave feedback about this

  • Service