August 8, 2026
National

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आज प्रयागराज में, राहुल गांधी युवाओं से करेंगे संवाद

‘Chhatron Ki Goonj’ event in Prayagraj today; Rahul Gandhi to interact with the youth.

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सासंद राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे बड़ी संख्या में जुटे छात्रों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम को लेकर कुछ दिन पहले विवाद खड़ा हो गया था। केपी ट्रस्ट ने पहले कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी थी। लेकिन ट्रस्ट ने कुछ शर्तों के साथ कांग्रेस को कार्यक्रम करने की इजाजत दे दी थी। इसके बाद तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजन होगा।

कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि यूपी सरकार इस कार्यक्रम को रोकने की कोशिश कर रही है। पार्टी ने कहा था कि चाहे जो चुनौती हो, ‘छात्रों की गूंज’ तय समय पर होगा। कांग्रेस के बयान के अनुसार राहुल गांधी 8 अगस्त को दोपहर 2 बजे दिल्ली से प्रयागराज के लिए रवाना होंगे। दोपहर करीब 3:30 बजे वे प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे आनंद भवन जाएंगे और फिर केपी ग्राउंड पहुंचकर छात्रों से बातचीत करेंगे।

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राहुल गांधी का पूरा कार्यक्रम साझा किया। उनके मुताबिक नेता प्रतिपक्ष शाम 6 बजे से रात 8:30 बजे तक केपी ग्राउंड में छात्रों से संवाद और संबोधन करेंगे। कार्यक्रम के बाद वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और रात करीब 9:30 बजे विशेष विमान से दिल्ली लौट जाएंगे। नई दिल्ली में हुई संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सांसद किशोरी लाल शर्मा, तनुज पुनिया और इमरान मसूद ने कहा कि भाजपा राहुल गांधी के छात्र-युवा मुद्दों को उठाने से घबरा गई है।

प्रयागराज में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी कहा कि चाहे अनुमति अस्थायी रूप से वापस ली गई हो, पार्टी कार्यक्रम करेगी। कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने आरोप लगाया कि भाजपा इस कार्यक्रम को रोकना चाहती थी क्योंकि वह युवाओं में राहुल गांधी के बढ़ते समर्थन से डरी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं को लगातार उठाती रहेगी।

Leave feedback about this

  • Service