स्वतंत्रता दिवस से पहले मंगलवार को पंजाब के डीजीपी गौरव यादव की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की गई। इस समीक्षा बैठक में एसएएस नगर में रूपनगर रेंज (रूपनगर, सहिबजादा अजीत सिंह नगर और फतेहगढ़) के अधिकारी शामिल हुए।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “स्वतंत्रता दिवस 2026 से पहले आज एसएएस नगर में रूपनगर रेंज (जिसमें रूपनगर, साहिबजादा अजीत सिंह नगर और फतेहगढ़ साहिब शामिल हैं) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रेंज-लेवल की कानून-व्यवस्था समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
पोस्ट में आगे लिखा गया, “पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत की, उनके सुझाव सुने और उन्हें सतर्क, आत्मविश्वास से भरे रहने और अपनी जिम्मेदारियों के प्रति पूरी तरह समर्पित रहने के लिए प्रोत्साहित किया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे आपस में बेहतर तालमेल बनाए रखें, विजिबल पुलिसिंग सुनिश्चित करें और किसी भी नई चुनौती का तेजी और मजबूती से सामना करें।”
डीजीपी ने लिखा, “पंजाब पुलिस पूरे राज्य में एक सुरक्षित और शांतिपूर्ण स्वतंत्रता दिवस सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार और प्रतिबद्ध है।”
इससे पहले सोमवार को डीजीपी ने लुधियाना का दौरा किया था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर उन्होंने बताया, “अमृतसर और जालंधर में समीक्षा समीक्षा पूरी करने के बाद लुधियाना का दौरा किया और स्वतंत्रता दिवस से पहले लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस और लुधियाना रेंज के अधिकारियों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक की।”
डीजीपी गौरव यादव की ओर से लिखा गया था, “स्वतंत्रता दिवस के लिए पुलिसिंग योजना की समीक्षा की, जिसमें पुलिस की मौजूदगी और असरदार तैनाती, समारोह स्थलों और लोगों के जमा होने वाली जगहों की सुरक्षा पर ध्यान दिया गया। हमारी पुलिसिंग सक्रिय और लोगों पर केंद्रित होनी चाहिए और हर स्थिति के लिए तैयार रहनी चाहिए, ताकि नागरिक पूरे भरोसे, गर्व और सुरक्षा की भावना के साथ हमारे राष्ट्रीय पर्व को मना सकें। पंजाब पुलिस एक सुरक्षित और शांतिपूर्ण पंजाब सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।”


Leave feedback about this