August 14, 2026
National

मणिपुर : 13 आतंकवादी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद

Manipur: 13 terrorists arrested; huge quantity of arms and ammunition recovered.

सुरक्षाबलों ने मणिपुर में एक संयुक्त कार्रवाई के दौरान 13 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया, जिसमें से दो आतंकवादी ऐसे संगठन से संबंध रखते हैं, जो मौजूदा समय में प्रतिबंधित है। इन आतंकवादियों के पास से भारी मात्रा में हथियार, गोला बारूद और आपराधिक गतिविधियों में शामिल सामग्रियां बरामद की गई हैं। यह कार्रवाई पिछले 24 घंटे के दौरान की गई।

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, मणिपुर के अलग-अलग इलाकों से 13 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है। आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई को मणिपुर पुलिस, केंद्रीय सुरक्षाबल और असम राइफल्स ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया है। वहीं, जिन इलाकों से आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें काकचिंग, बिष्णुपुर, इंफाल पश्चिम, थौबल, चुराचांदपुर और कांगपोकपी शामिल हैं।

गिरफ्तार उग्रवादी प्रतिबंधित संगठनों कांगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी), पीपल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) और उसके राजनीतिक विंग रिवोल्यूशनरी पीपल्स फ्रंट (आरपीएफ), कांगलेई यावोल कन्ना लुप, यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (यूएनएलएफ), पीपल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलेईपाक और यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी से जुड़े हैं।

प्रवक्ता के मुताबिक, जिन आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें से कई अवैध गतिविधियों में शामिल पाए गए, जिसमें लोगों पर हमला करना, अपहरण, जबरन वसूली और प्रतिबंधित संगठनों में युवाओं की भर्ती आदि शामिल हैं। गिरफ्तार आतंकवादियों के पास से हथियारों का जखीरा, गोला बारूद, आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त सामग्रियां, सब्सिक्रिप्शन रिसिप्ट, प्रतिबंधित संगठनों के लेटर हैड और दूसरी सामग्रियां भी बरामद की गई हैं।

गिरफ्तार 13 उग्रवादियों में खुद को लेफ्टिनेंट बताने वाला फुंड्रेइमायुम इबुंगो (41), जिसे अब्दुल कलाम या अचूम्बा के नाम से भी जाना जाता है और आरपीएफ/पीएलए का खुद को लांस कॉर्पोरल बताने वाला वाहेन्गबाम अपोइचा मेइतेई (45), जिसे माइकल के नाम से भी जाना जाता है, शामिल हैं।

काकचिंग, इंफाल ईस्ट और कांगपोकपी जिलों के आदिवासी इलाकों में तीन अलग-अलग ऑपरेशन्स में सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया।

बरामद किए गए हथियारों और गोला-बारूद में चार पिस्तौल, एक .303 लाइट मशीन गन, तीन राइफल, मैगजीन के साथ दो 22 राइफल (एक में टेलीस्कोप लगा था), नौ सिंगल-बैरल बंदूक, दो 12-बोर डबल-बैरल बंदूक, तेरह 12-बोर सिंगल-बैरल बंदूक, डेटोनेटर के साथ छह हैंड ग्रेनेड, तीन वायरलेस सेट, तीन एंटी-रायट ग्रेनेड, रबर की गोलियां और आंसू गैस के गोले, अलग-अलग हथियारों की 30 मैगजीन, अलग-अलग कैलिबर के 2,300 जिंदा कारतूस, 157 खाली खोखे, चार वॉकी-टॉकी सेट और छह वॉकी-टॉकी चार्जर शामिल थे।

सुरक्षा उपायों को कड़ा करते हुए घाटी और पहाड़ी जिलों में उग्रवादियों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध वाहनों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए 111 नाके और चौकियां स्थापित की गई हैं। सुरक्षा बल रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इंफाल-जिरिबाम राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-37) पर आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले ट्रकों और अन्य वाहनों को सशस्त्र सुरक्षा भी प्रदान कर रहे हैं।

Leave feedback about this

  • Service