August 18, 2026
National

झारखंड : बैंक ऑफ महाराष्ट्र में डकैती की साजिश नाकाम, मुठभेड़ के बाद चार अपराधी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

Jharkhand: Plot to rob Bank of Maharashtra foiled; four criminals arrested after an encounter, one shot in the leg.

झारखंड के कोडरमा जिले में पुलिस ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र में डकैती की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। तिलैया थाना क्षेत्र के इंदरवा इलाके में जुटे इन अपराधियों के ठिकाने पर सोमवार देर रात पुलिस ने जब दबिश दी, तो उन्होंने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लग गई। उसे इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हजारीबाग जिले की पुलिस से कोडरमा पुलिस को इनपुट मिला था कि कुछ अपराधी बैंक ऑफ महाराष्ट्र में डकैती की योजना बनाने के लिए इंदरवा इलाके में जुटे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन संदिग्ध अपराधियों (सन्नी कुमार, अतुल कुमार और अमन राज) को पकड़ लिया। इसी दौरान गिरोह का चौथा सदस्य प्रिंस पांडेय उर्फ बाबा मौके से भागने लगा।

पुलिस का कहना है कि भागते समय प्रिंस पांडेय ने पुलिस टीम पर करीब पांच राउंड फायरिंग की। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल अपराधी को तत्काल कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन अवैध पिस्तौल, पांच मैगजीन और 15 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और बैंक डकैती की योजना कब और कैसे अंजाम देने की तैयारी थी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की रेकी से संबंधित वीडियो और तस्वीरें भी मिली हैं। इन वीडियो और तस्वीरों के आधार पर पुलिस को आशंका है कि अपराधी बैंक की सुरक्षा व्यवस्था, आसपास के इलाके और आने-जाने के रास्तों की जानकारी जुटा रहे थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह ने जिले में इससे पहले किसी अन्य आपराधिक घटना को अंजाम दिया है या नहीं।

Leave feedback about this

  • Service