August 18, 2026
National

सफाईकर्मी हत्या मामले में बढ़ा विवाद, विधायक कुलदीप कुमार की हिरासत पर घिरी दिल्ली पुलिस

Controversy escalates in sanitation worker murder case; Delhi Police faces scrutiny over MLA Kuldeep Kumar’s detention.

दिल्ली में एमसीडी के एक सफाई कर्मचारी की हत्या के बाद शुरू हुए विवाद में आम आदमी पार्टी और दिल्ली पुलिस आमने-सामने आ गई हैं। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की कोशिश कर रहे आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार को हिरासत में लेने के बाद आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने कुलदीप कुमार को उनके घर से उठा लिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) अपने साथ ले गई।

मंगलवार को केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर सीधे प्रधानमंत्री से सवाल पूछा। उन्होंने लिखा, “अगर एक विधायक को बिना किसी जानकारी के बिना किसी कारण इस तरह पुलिस घर से उठा कर ले जा सकती है तो इस देश में आम आदमी बेचारा कहां जाए। ये देश आपकी ऐसी मनमानी बर्दाश्त नहीं करेगी।”

‘आप’ नेता संजीव झा ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आज सुबह 4 बजे सादे कपड़ों में कुछ लोग आए और कुलदीप कुमार को ले गए। घर के कैमरे तोड़ दिए गए और डीवीआर भी ले लिया गया। अब दोपहर हो गई है लेकिन अभी तक पता नहीं है कि कुलदीप कुमार कहां हैं।”

संजीव झा ने बताया कि वह ढाई घंटे से डीसीपी ईस्टर्न रेंज के दफ्तर के बाहर खड़े हैं। उन्होंने कहा, “मैं डीसीपी से मिलने और बात करने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा। दिल्ली पुलिस कमिश्नर से मेरा सीधा सवाल है – क्या अब दलितों के लिए न्याय की आवाज उठाना गुनाह हो गया है? क्या हत्या के खिलाफ बोलने वाले मौजूदा विधायक को डरा कर चुप कराया जाएगा?”

उन्होंने कहा, “ये मनमानी ठीक नहीं है। पुलिस की वर्दी और लाठी के दम पर आवाज को दबाया नहीं जा सकता।”

यह विवाद रविवार सुबह दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में ड्यूटी के दौरान एमसीडी सफाई कर्मचारी अनिल कुमार की हत्या के बाद शुरू हुआ। 24 साल के अनिल कुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को सफाईकर्मी पर चाकू से हमला करते देखा गया। पुलिस ने एक दिन बाद सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन उसकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

इस हत्या के बाद हजारों सफाई कर्मचारी पिछले दो दिनों से धरने पर बैठे हैं। उनकी मुख्य मांग मृतक के परिवार को न्याय और 1 करोड़ रुपए का मुआवजा देना है। ‘आप’ के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस पीड़ित परिवार पर उनकी मर्जी के खिलाफ अंतिम संस्कार करने का दबाव बना रही है।

‘आप’ के अनुसार परिवार हत्या के लिए न्याय और उचित मुआवजा चाहता है, लेकिन पुलिस उन्हें अंतिम संस्कार के लिए मजबूर कर रही है। पार्टी का आरोप है कि पुलिस ने शव को अस्पताल से उठाकर घर पहुंचाया और फिर रिश्तेदारों पर अंतिम संस्कार का दबाव बनाया। ‘आप’ ने यह भी दावा किया कि सुबह-सुबह पुलिस परिवार के कुछ सदस्यों को अपने साथ ले गई। पार्टी ने सवाल उठाया कि परिवार की सहमति के बिना अंतिम संस्कार की इतनी जल्दी क्यों है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मृतक एक गरीब दलित परिवार से था। ऐसे में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार और पुलिस को परिवार की मांग सुननी चाहिए, न कि उन पर दबाव बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार कब और कैसे होगा, इसका फैसला परिवार को लेने दीजिए। परिवार का भी कहना है कि पुलिस बार-बार उनसे अंतिम संस्कार पूरा करने को कह रही है, लेकिन वे पहले न्याय और दिल्ली सरकार से अपनी मांगों पर स्पष्ट जवाब चाहते हैं।

फिलहाल पुलिस की ओर से कुलदीप कुमार के बारे में या सीसीटीवी-डीवीआर तोड़ने के आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वहीं सफाईकर्मी की हत्या के मामले में पुलिस जांच जारी है और धरना प्रदर्शन भी चल रहा है।

Leave feedback about this

  • Service