August 27, 2026
National

बिहार : राघोपुर में देर रात राघोपुर-नरकटिया बांध में कटाव, तेजी से फैल रहा पानी

Bihar: Breach in Raghopur-Narkatia embankment late at night in Raghopur; water spreading rapidly.

बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल के पैतृक गांव राघोपुर में सोमवार देर रात करीब तीन बजे राघोपुर-नरकटिया तटबंध में कटाव हो गया। तटबंध जल संसाधन विभाग के कैंप कार्यालय के समीप कटा, जिसके बाद आसपास के इलाकों में पानी तेजी से फैलने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

तटबंध में कटाव के बाद प्रभावित क्षेत्र में पानी का फैलाव बढ़ने लगा है। स्थानीय लोग सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर जाने लगे हैं। स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग के इंजीनियरों की टीम मौके पर पहुंचकर कटाव को रोकने और तटबंध की मरम्मत में जुटी है। स्थानीय ग्रामीण भी मरम्मत कार्य में सहयोग कर रहे हैं। कटाव की सूचना मिलते ही नवगछिया के एसडीपीओ अनिकेत अमर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ स्थानीय लोगों से संपर्क कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए। क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे। नवगछिया पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, भागलपुर और पुलिस अधीक्षक, नवगछिया ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आपदा प्रबंधन टीम और संबंधित विभागों को तत्काल सूचना देकर उनके साथ समन्वय स्थापित किया गया है। प्रभावित गांवों में पुलिस और प्रशासन की ओर से माइकिंग कर लोगों को सतर्क रहने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है।

फिलहाल जल संसाधन विभाग की टीम तटबंध में हुए कटाव की मरम्मत में जुटी है। प्रशासन की ओर से पानी के फैलाव और प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर राहत और सुरक्षा व्यवस्था को सक्रिय रखा है।

Leave feedback about this

  • Service