August 27, 2026
National

बिहार: गंडक के जलस्तर में फिर बढ़ोतरी, सीएम सम्राट चौधरी ने सीमावर्ती इलाकों का लिया जायजा

Bihar: Gandak water level rises again; Deputy CM Samrat Chaudhary takes stock of border areas.

नेपाल में आई बाढ़ के बाद गंडक नदी के जलस्तर में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। स्थिति को देखते हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने गुरुवार को सीमावर्ती क्षेत्रों बगहा, वाल्मीकिनगर, बेतिया और मोतिहारी का दौरा कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में संभावित प्रभावों, सुरक्षा व्यवस्था, एहतियाती उपायों तथा राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूरी तत्परता के साथ स्थिति पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है। इस बीच, जल संसाधन विभाग के मुताबिक 26 अगस्त की रात 11 बजे गंडक नदी का जलश्राव 1,50,200 क्यूसेक के पीक स्तर पर रहा। इसके बाद जलश्राव में लगातार कमी दर्ज की गई, लेकिन देवघाट क्षेत्र में देर से हुई बारिश के कारण गंडक नदी के जलस्तर में दोबारा वृद्धि का रुझान सामने आया है।

गंडक बैराज पर गुरुवार सुबह जलश्राव में लगातार बढ़त दर्ज किया गया। सुबह 5:30 बजे 81,800 क्यूसेक, 6 बजे 88,300 क्यूसेक, 7 बजे 92,900 क्यूसेक और 8 बजे 99,800 क्यूसेक दर्ज किया गया। सुबह 9 बजे तक यह बढ़कर 1,04,400 क्यूसेक पहुंच गया।

विभाग के आंकड़ों में इस दौरान लगातार बढ़ोतरी का रुझान दर्ज किया गया है। हालांकि, जल संसाधन विभाग के अनुसार वर्तमान स्थिति में गंडक नदी के तटबंधों पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव परिलक्षित नहीं हुआ है। विभागीय स्तर पर लगातार निगरानी और मॉनिटरिंग की जा रही है तथा सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है।

वहीं, गंगा नदी का जलस्तर फिलहाल घटते रुझान में है। हालांकि, कुछ स्थानों पर जलस्तर में एक से दो सेंटीमीटर तक मामूली वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। जल संसाधन विभाग ने कहा कि बाढ़ सुरक्षा को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है तथा नदियों और तटबंधों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service