August 28, 2026
National

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदला, आज भी होगी बारिश, पूरे हफ्ते बादलों की आवाजाही जारी

Weather takes a turn in Delhi-NCR; rain expected today as well, with cloudy conditions persisting throughout the week.

मानसून ट्रफ के लोकेशन में अचानक आए बदलाव का असर दिल्ली समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में साफ देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटों में मौसम ने करवट बदली और कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, यह सिलसिला आज (28 अगस्त) भी जारी रहेगा और एनसीआर के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इस पूरे हफ्ते मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा और बादलों की आवाजाही लगातार बनी रहेगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आज 28 अगस्त को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) का स्तर सुबह 80 प्रतिशत और शाम को 65 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक आज “आम तौर पर बादलों से घिरा आसमान रहेगा और मध्यम बारिश” हो सकती है। हालांकि, इसके साथ कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों की बात करें तो 29 और 30 अगस्त को मौसम में हल्का सुधार होने की संभावना है। इन दोनों दिन अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि, बारिश की तीव्रता कम हो जाएगी और “आंशिक रूप से बादलों से घिरा आसमान” रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग का कहना है कि इन दो दिनों के दौरान किसी भी तरह की भारी बारिश की चेतावनी नहीं है। महीने के आखिरी दिन यानी 31 अगस्त को मौसम में नमी और बढ़ जाएगी। इस दिन तापमान 36 डिग्री से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि आर्द्रता का स्तर 85 से 70 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है। इस दिन भी “आंशिक रूप से बादलों से घिरा आसमान” ही रहेगा और किसी प्रकार का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

सितंबर की शुरुआत में मौसम में थोड़ी गिरावट आ सकती है। 1 और 2 सितंबर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है और आसमान में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार, 1 और 2 सितंबर को भी “आंशिक रूप से बादलों से घिरा आसमान” रहेगा और बारिश की कोई गंभीर चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून ट्रफ के उत्तर की ओर शिफ्ट होने से इन दिनों नमी की मात्रा अधिक बनी हुई है, जिससे बादलों का निर्माण हो रहा है। हालांकि, यह बारिश न तो बहुत भारी होगी और न ही लंबे समय तक रुकेगी, लेकिन तापमान में गिरावट जरूर दर्ज की जाएगी, जिससे उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।

Leave feedback about this

  • Service