August 28, 2026
Entertainment

आशा भोसले के जन्मदिन पर उनका आखिरी रिकॉर्डेड गाना सुनेंगे फैंस, अंशुमन झा ने याद किया खास किस्सा

Fans to hear Asha Bhosle’s last recorded song on her birthday; Anshuman Jha recalls a special anecdote.

मशहूर गायिका आशा भोसले की आवाज ने कई पीढ़ियों को अपने गीतों से जोड़ा है। अब उनकी आवाज एक बार फिर पर्दे पर सुनाई देने वाली है। खास बात यह है कि यह गाना उनके आखिरी रिकॉर्ड किए गए फिल्मी गानों में से एक है। दरअसल, आने वाली ड्रामा-कॉमेडी फिल्म ‘ओम का हरि’ में आशा भोसले का गाना ‘ऐ मेरी जिंदगी, तू छुपी है कहां’ शामिल किया गया है। इस गाने से जुड़ी यादें फिल्म के अभिनेता और फिल्ममेकर अंशुमन झा ने साझा की हैं।

अंशुमन झा ने आईएएनएस से बात करते हुए आशा भोसले के साथ काम करने के अपने अनुभव को बताया। उन्होंने कहा, ”उनसे मिली एक सीख मेरे दिल में हमेशा रहेगी। वह गाना रिकॉर्ड करने आईं और उन्हें लगा कि इसे और बेहतर किया जा सकता है, तो उन्होंने उसे दोबारा और फिर तीसरी बार रिकॉर्ड किया।”

उन्होंने कहा, ”आशा भोसले ने फिल्म की शूटिंग के कुछ सीन देखे थे और उन्हें वह फुटेज बहुत पसंद आया था। इसी वजह से वह गाने को दोबारा महसूस करना और उसके हर हिस्से को सही भाव के साथ पेश करना चाहती थीं। हर सुर को इमोशन्स के साथ सही तरीके से पेश करने की उनकी कोशिश और उनका प्यार भरा व्यवहार मुझे हमेशा याद रहेगा। मेरे लिए यह अनुभव सिर्फ एक महान गायिका के साथ काम करने का नहीं, बल्कि उनसे सीखने का भी था।”

अंशुमन ने आशा भोसले से जुड़ा एक और खास किस्सा भी बताया। उन्होंने कहा, ”आशा जी ने मेरी फिल्म ‘लकड़बग्घा’ का ट्रेलर देखा था। ट्रेलर देखने के बाद उन्होंने मुझसे कहा था, ‘इसका बहुत आशीर्वाद मिलेगा तुम्हें।’ मुझे आशा जी के साथ अपने पसंदीदा कलाकारों में से एक किशोर कुमार के बारे में बात करने का भी मौका मिला था। यह बातचीत भी मेरे लिए एक खास याद बन गई।”

अंशुमन ने कहा, ”मैंने आशा भोसले से ‘ओम का हरि’ के एल्बम के लिए पुराने जमाने की तरह म्यूजिक लॉन्च करने का वादा किया था। मेरा प्लान था कि इस मौके पर आशा जी खुद मंच पर लाइव गाना गाएंगी। वह भी इस कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साहित थीं। हालांकि यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी। यह एक ऐसा अफसोस है, जिसके साथ मुझे जिंदगीभर रहना होगा, लेकिन समय के अपने नियम होते हैं।”

‘ऐ मेरी जिंदगी, तू छुपी है कहां’ गाने में जिंदगी की खुशी, प्यार की खूबसूरती और अपनी भावनाओं को समय रहते जाहिर करने की बात कही गई है। इस गाने की रिकॉर्डिंग साल 2023 के आखिर में हुई थी। उस समय आशा भोसले की उम्र 90 साल से ज्यादा थी।

फिल्ममेकर्स ने इस गाने को आशा भोसले को श्रद्धांजलि के रूप में भी खास तरीके से तैयार किया है। यह गाना आशा भोसले के जन्मदिन के दिन 8 सितंबर को रिलीज किया जाएगा।

‘ओम का हरि’ एक ड्रामा-कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन हरीश व्यास ने किया है। फिल्म में अंशुमन झा के साथ रघुबीर यादव, सोनी राजदान और आयशा कपूर अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी एक पिता और बेटे के रिश्ते पर आधारित है। इसमें दो अलग पीढ़ियों के बीच सोच के फर्क को दिखाया गया है।

Leave feedback about this

  • Service