August 29, 2026
Entertainment

12 साल से दिल में था ‘माटी’, स्वानंद किरकिरे ने बताया शेखर रवजियानी से जुड़ा खास किस्सा

‘Maati’ had been close to his heart for 12 years; Swanand Kirkire shares a special anecdote involving Shekhar Ravjiani.

नेशनल अवॉर्ड विनर संगीतकार और गीतकार स्वानंद किरकिरे भावनाओं को गानों में उतारने के लिए जाने जाते हैं। उनका नया इंडिपेंडेंट म्यूजिकल प्रोजेक्ट ‘माटी’ उनके लिए काफी खास है। इस प्रोजेक्ट में स्वानंद ने शेखर रवजियानी के साथ काम किया है। दोनों की साथ में काम करने की कहानी करीब 12 साल पुरानी है। खास बात यह है कि ‘माटी’ का आइडिया भी आज से करीब 12 साल पहले ही आया था। इतने लंबे इंतजार के बाद अब यह प्रोजेक्ट लोगों तक पहुंचने जा रहा है।

आईएएनएस से खास बातचीत में स्वानंद किरकिरे ने शेखर रवजियानी के साथ अपनी 12 साल पुरानी क्रिएटिव जर्नी के बारे में बात की। उन्होंने कहा, ”शेखर के साथ काम करना हमेशा ऐसी चीज रही है, जिसका मैं इंतजार करता हूं। जब भी हमने साथ काम किया हैं, हमारा कोलैबोरेशन हमेशा शानदार रही है। मेरे लिए ‘माटी’ इसलिए भी खास है क्योंकि यह हमारी साथ में काम करने की 12 साल की जर्नी को दिखाता है।”

उन्होंने बताया, ”’माटी’ की शुरुआत भी किसी फिल्मी सीन जैसी ही कहानी से हुई थी। करीब 12 साल पहले मैं और शेखर एक स्टूडियो में काम कर रहे थे। काम खत्म करने के बाद हम एक कॉफी शॉप में जाकर बैठे। उस दिन बारिश हो रही थी। इस दौरान हमारे बीच कुछ नया और अलग करने को लेकर बातचीत हुई। हम दोनों चाहते थे कि ऐसा म्यूजिक बनाया जाए, जो लोगों को सीधे भावनाओं से जोड़ सके और आम गानों से थोड़ा अलग हो। इसी बातचीत के दौरान ‘माटी’ का आइडिया आया। उस समय हमने सोचा भी नहीं था कि यह आइडिया एक दशक से ज्यादा समय तक हमारे साथ रहेगा।”

स्वानंद ने कहा, ”’माटी’ मेरे लिए सिर्फ एक गाना या एल्बम नहीं है। इसके साथ 12 साल की यादें, मेहनत और कई भावनाएं जुड़ी हुई हैं। शेखर और मैं इस गाने को 12 साल पहले बनाना चाहते थे। उस दिन से लेकर अब तक इस गाने ने काफी लंबा सफर तय किया है। अब जब इसे लोगों के सामने लाने का समय आया है, तो यह हमारे लिए बेहद खास पल है।”

‘माटी’ एक रोमांटिक और इमोशनल म्यूजिकल प्रोजेक्ट है। इसमें कुल छह गाने होंगे। इन गानों को लिखने और गाने का काम स्वानंद ने किया है, जबकि शेखर रवजियानी ने म्यूजिक तैयार किया है। इस पूरे प्रोजेक्ट में प्यार, पुरानी यादों और दिल से जुड़ी भावनाओं को जगह दी गई है।

Leave feedback about this

  • Service