September 1, 2026
National

राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता का भाजपा पर निशाना, बोले-लोकतंत्र खत्म करने की हो रही कोशिश

Leader of the Opposition in the Rajasthan Assembly targets BJP, says attempts are being made to destroy democracy.

राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने ‘शुद्धिकरण’ मामले में एफआईआर, जीडीपी ग्रोथ, एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी और नगर निकाय चुनाव के टिकटों को लेकर हुई बगावत जैसे मुद्दों पर बात की।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए टीकाराम जूली ने कहा, “भाजपा और आरएसएस की ओर से लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश रची जा रही है। हल्द्वानी में जो घटना हुई, वह कोई छोटी बात नहीं है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के जाने के बाद जगह का शुद्धिकरण कराना, यह अपने आप में दर्शाता है कि इन लोगों की सोच क्या है। ऐसा पहला मौका नहीं है, जब भी इनको मौका मिला है, दलितों और पिछड़ों की आलोचना करने का काम किया गया है।”

टीकाराम जूली ने कहा कि देश का संविधान सभी लोगों को समानता का अधिकार देता है। संविधान यह कहता है कि किसी प्रकार का उत्पीड़न न हो। उसके बावजूद, जब इस मामले को राहुल गांधी की ओर से उठाया गया, तो उन पर ही मुकदमा दर्ज हो गया। कार्रवाई उनके खिलाफ होनी चाहिए, जिन्होंने शुद्धिकरण किया। सभी प्रकार से लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन कांग्रेस कभी ऐसा नहीं होने देगी।

जीडीपी ग्रोथ पर टीकाराम जूली ने कहा कि खुद ही अपनी तारीफ कर रहे हैं। 12 वर्ष में जीडीपी की जो हालत हुई है, उस पर प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री की ओर से कभी कोई बात नहीं की गई। अनुमान से हमेशा कम जीडीपी रही। जीडीपी घटती गई और बेरोजगारी बढ़ती चली गई। आम आदमी पर कर्जा बढ़ता चला गया। जीडीपी बढ़ना अच्छी बात है, लेकिन आंकड़ों को इधर-उधर करके जीडीपी बढ़ाने की जो बात कही जा रही है, वो बात चलने वाली नहीं है। आम आदमी की स्थिति में कितना सुधार हुआ है, देश में खुशहाली कितनी बढ़ रही है और किसान को कितना फायदा मिल रहा है, यह सारी चीजें भी तो बताएंगी।

राहुल गांधी के ‘डेड इकोनॉमी’ वाले बयान को लेकर वित्त मंत्री की प्रतिक्रिया पर टीकाराम जूली ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था सब लोगों के सामने है। देश की तरक्की से हमको दिक्कत नहीं है। हम तो चाहते हैं कि देश तरक्की करे। उनका का किया हुआ विकास दुनिया के सामने है।

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों के दाम बढ़ने पर टीकाराम जूली ने कहा कि ये लोग जनता पर लगातार महंगाई का भार डाल रहे हैं। सीएनजी, पीएनजी, घरेलू सिलेंडर या कमर्शियल सिलेंडर हो सबकी बारी-बारी से दाम बढ़ाए जा रहे हैं। लोगों पर महंगाई थोपने का काम किया जा रहा है। इसका खामियाजा आम लोगों को उठाना पड़ रहा है। सरकार को मॉनिटरिंग करनी चाहिए।

नगर निकाय चुनाव के टिकट वितरण को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में बहुत अच्छा टिकट वितरण किया गया है। कई जगह छोटी-मोटी बातें आती हैं, कई लोगों की ओर से टिकटों की मांग की जाती है, लेकिन किसी एक को मिलता है। सभी हमारी पार्टी के लोग हैं, सभी से हम बातचीत करेंगे। भाजपा का आईना दिखाने का वक्त है, तीन वर्ष के कुशासन का परिणाम देने का समय है। हमारे सभी कार्यकर्ता एकजुट हैं, हम सब लोग मिलकर भाजपा को जवाब देंगे। कार्यकर्ता का मान-सम्मान सबसे ऊपर रहेगा। आने वाले वक्त में सभी को कहीं न कहीं एडजस्ट किया जाएगा।

Leave feedback about this

  • Service