September 12, 2026
Entertainment

बर्थडे पर कोई बड़ा जश्न नहीं करेंगी संयुक्ता, सादगी से मनाएंगी अपना खास दिन

अभिनेत्री संयुक्ता शुक्रवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। अभिनेत्री ने बताया कि वे इसे बहुत ही सादगी और अपनी मनपसंद चीजों के साथ मनाएंगी।

बिम्बिसार, भीमला नायक, वाथी और विरुपाक्ष जैसी कई हिट फिल्मों में शानदार अभिनय दे चुकी अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने जन्मदिन की शुरुआत सुबह-सुबह कलरी क्लास के साथ करेंगी। उन्होंने कहा, “इस साल, मैं अपना जन्मदिन बहुत साधारण तरीके और अपने करीबियों के साथ मनाऊंगी। मैं अपनी कलारी क्लास के लिए जल्दी उठूंगी, उसके बाद साधना और पूजा करूंगी और शाम को भी अपना रूटीन जारी रखूंगी।”

अभिनेत्री ने बताया कि उनके जन्मदिन मनाने का मतलब बड़े-बड़े प्लान करना नहीं बल्कि खुद के साथ रहना और वो काम करना है, जिससे उन्हें शांति मिलती है। उन्होंने कहा, “मैंने महसूस किया है कि मुझे अपनी खुद की दुनिया में रहना और वो चीजें करना बहुत पसंद है जिससे मुझे सुकून मिलता है। इसलिए बड़े-बड़े प्लान बनाने के बजाय, मैं इस दिन जमीन से जुड़े रहकर और हर पल को जीकर बिताना चाहती हूं। मेरे लिए इस साल अपना जन्मदिन मनाने का यही सबसे अच्छा तरीका है।”

संयुक्ता मुख्य रूप से मलयालम और तेलुगु फिल्मों में अभिनय करती हैं। उन्होंने साल 2016 की मलयालम फिल्म ‘पॉपकॉर्न’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। हालांकि, 2018 की फिल्म ‘थीवंडी’ से बड़ी पहचान मिली थी। उन्होंने मलयालम और तेलुगु सिनेमा में कई व्यावसायिक रूप से सफल फिल्मों में काम किया है, जिनमें ‘भीमला नायक’ (2022), ‘बिम्बिसार’ (2022), ‘वाथी’ (2023) और ‘विरुपाक्षा’ (2023) शामिल हैं। विरुपाक्ष के लिए उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का संतोषम फिल्म अवॉर्ड मिला।

उन्हें आखिरी बार राम अब्बाराजू की डायरेक्ट की हुई फिल्म नारी नारी नादुमा मुरारी में देखा गया था। अभिनेत्री जल्दी ही फिल्म ‘द ब्लैक गोल्ड’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में संयुक्ता बिल्कुल नए और आक्रामक (रूथलेस) एक्शन अवतार में नजर आएंगी। उन्होंने बिना बॉडी डबल के खतरनाक एक्शन सीन किए हैं। संयुक्ता के अलावा फिल्म में मुरली शर्मा, राव रमेश, नास्सर और रामकी जैसे कई जाने-माने कलाकार हैं।

Leave feedback about this

  • Service