September 16, 2026
National

वाहन चोर गिरोह का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार, चोरी की छह बाइक और अवैध हथियार बरामद

नोएडा के एक्सप्रेस-वे थाने की पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल की गई एक आई-10 कार, आईफोन 13 प्रो, 1300 रुपए नकद और अवैध हथियार बरामद किए हैं। बरामद हथियारों में एक तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और एक अवैध चाकू शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर को थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने छपरौली टी-प्वाइंट, सेक्टर-168 नोएडा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर यादव और सोनू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आई-10 कार से इलाके में घूमकर पहले मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे।

इसके बाद मौका देखकर बाइक चोरी कर लेते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को तत्काल बेचने के बजाय सुनसान स्थानों और झाड़ियों में छिपा दिया जाता था। बाद में इन्हें सस्ते दामों पर बेचकर अवैध तरीके से पैसा कमाया जाता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी अपने पास अवैध हथियार भी रखते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में सागर यादव पुत्र हरी बाबू, निवासी मोहल्ला लोधीनगर, कस्बा एवं थाना छर्रा, अलीगढ़, वर्तमान पता ग्राम वाजिदपुर, सेक्टर-135 नोएडा, उम्र करीब 21 वर्ष और सोनू कुमार पुत्र सोनपाल सिंह, निवासी कुंडा चौराहा के पास, थाना कुंडा, काशीपुर, ऊधमसिंह नगर, उत्तराखंड, वर्तमान पता ग्राम वाजिदपुर, सेक्टर-135 नोएडा, उम्र करीब 25 वर्ष शामिल हैं। पुलिस की ओर से बरामद की गई छह मोटरसाइकिलों में सभी हीरो स्प्लेंडर हैं।

पुलिस ने सभी वाहनों के चेसिस और इंजन नंबर भी दर्ज किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल आई-10 कार भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी सागर यादव के कब्जे से आईफोन 13 प्रो, 1300 रुपये नकद, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किया है। वहीं आरोपी सोनू कुमार के पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ है।

पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में संबंधित थानों में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी की जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service